अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा के साथ बेहतर संबंध बनाने की मूड में नहीं दिख रहे। ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि वह कनाडा के साथ सभी व्यापार वार्ता तुरंत समाप्त कर रहे हैं।
गुरुवार देर रात ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि कनाडा के साथ व्यापार को लेकर कोई वार्ता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कनाडा के टीवी विज्ञापनों में अमेरिकी टैरिफ का विरोध किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी अदालतों के फैसले को प्रभावित करना है।
विज्ञापन में क्या है?
कनाडा में ओंटारियो प्रांत की सरकार ने एक विज्ञापन जारी किया है, जिसमें अमेरिका के पूर्व रिपब्लिकन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के संबोधन का उपयोग किया गया है, जो टैरिफ के विरोध में है।
एक मिनट के विज्ञापन में रीगन की ओर से 25 अप्रैल, 1987 में दिए गए रेडियो संबोधन का अंश प्रस्तुत किया गया है, जिसमें सेमीकंडक्टर पर व्यापार विवाद के कारण जापानी इलेक्ट्रॉनिक्स पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने को उचित ठहराया गया है।
विज्ञापन में अमेरिका में विदेशी आयात पर टैरिफ के खतरों के बारे में भी चेतावनी दी गई है। विज्ञापन में रीगन बताते हैं, "ऊंचे टैरिफ अनिवार्य रूप से विदेशी देशों की जवाबी कार्रवाई और भयंकर व्यापार युद्धों को जन्म देते हैं। फिर सबसे बुरा होता है। बाजार सिकुड़ते और ढहते हैं, व्यवसाय, उद्योग बंद हो जाते हैं और लाखों लोग नौकरियां खोते हैं।" ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने विज्ञापन जारी कर खुद को रीगन का बड़ा प्रशंसक बताया है।
कनाडा के PM ने क्या कहा था?
ट्रंप ने इस विज्ञापनों को गलत बताया है। इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा था कि उनकी सरकार का लक्ष्य अमेरिका के बाहर के देशों में निर्यात दोगुना करना है।
कनाडा का अमेरिका में विलय करना चाहते ट्रंप
बता दें कि राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप लगातार कनाडा का अमेरिका में विलय करने पर जोर दे रहे हैं। उनका मानना है कि कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बना दिया जाना चाहिए। कुछ दिनों पहले राष्ट्रपति ट्रंप और मार्क कार्नी की मुलाकात हुई थी। ट्रंप ने बातचीत के दौरान मजाकिया लहजे में कहा कि ‘कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य बन सकता है।’
हालांकि, ट्रंप ने कार्नी की तारीफ की। उन्होंने कार्नी को ‘बदलाव लाने वाला राष्ट्रपति’ कहा। इससे पहले ट्रंप ने आरोप लगाया था कि कनाडा के बॉर्डर से अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी हो रही है। ट्रंप ने कनाडा पर 35 फीसदी टैरिफ लगाया है। वहीं, कनाडा ने साफ तौर पर कहा है कि वो अमेरिका के आगे नहीं झुकने वाला।
