दुनिया

चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी को अचानक ढाका जेल क्यों भेजा गया? वकीलों की बढ़ी इस बात की चिंता

वकील ने यह भी बताया कि चिन्मय गंभीर लिवर रोग से पीड़ित हैं और हर तरह का भोजन नहीं खा सकते। ढाका सेंट्रल जेल में यह सुविधा उपलब्ध न होने के कारण वे फिलहाल केवल फल खाकर गुजारा कर रहे हैं। भट्टाचार्य ने आशंका जताई, "मुझे डर है कि उनकी जान खतरे में पड़ सकती है।

Image

बांग्लादेश की जेल में बंद हैं चिन्मयदास।

Photo : ANI

Chinmoy Krishna Brahmachari : बांग्लादेश के हिंदू संत चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी को चटगांव सेंट्रल जेल से अचानक ढाका सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिए जाने से उनके वकीलों में गहरी चिंता है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्हें सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच चटगांव से ढाका ले जाया गया और उनका वाहन करीब सुबह 10 बजे ढाका सेंट्रल जेल पहुंचा। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में चिन्मय के वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि वे एक संन्यासी, ब्रह्मचारी, कठोर शाकाहारी और वैष्णव हैं, जो अपने हाथ से बना भोजन ही ग्रहण करते हैं। वकील के मुताबिक चटगांव जेल में सह-आरोपी रंगनाथन ब्रह्मचारी उन्हें भोजन बनाने में सहायता करते थे, जिससे लगभग दो वर्ष की कैद के दौरान उन्हें भोजन को लेकर कुछ राहत थी।

वकील ने यह भी बताया कि चिन्मय गंभीर लिवर रोग से पीड़ित हैं और हर तरह का भोजन नहीं खा सकते। ढाका सेंट्रल जेल में यह सुविधा उपलब्ध न होने के कारण वे फिलहाल केवल फल खाकर गुजारा कर रहे हैं। भट्टाचार्य ने आशंका जताई, "मुझे डर है कि उनकी जान खतरे में पड़ सकती है।"

क्या है मामला

चिन्मय कृष्ण दास बांग्लादेश में सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता हैं। 26 नवंबर 2024 को उनकी जमानत सुनवाई के दौरान चटगांव कोर्ट परिसर में हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें वकील सैफुल इस्लाम की पीट-पीटकर और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना के संबंध में उनके पिता जमाल उद्दीन ने 31 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया। इसके अलावा पुलिस पर हमले, सरकारी काम में बाधा, वकीलों और न्याय के लिए आए लोगों पर हमले तथा कॉकटेल विस्फोट से जुड़े पांच अन्य मामले भी दर्ज किए गए।

38 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

1 जुलाई 2025 को जांच अधिकारी ने चटगांव अदालत में चिन्मय दास समेत 38 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। बाद में वादी पक्ष की ओर से आरोपपत्र के खिलाफयाचिका दायर की गई, जिसके बाद अदालत ने 25 अगस्त को सुकांत दत्ता सहित 39 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र स्वीकार कर लिया। फिलहाल चटगांव डिविजनल स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल में गवाहों की गवाही चल रही है।

राजद्रोह का मामला

इससे पहले 31 अक्टूबर 2024 को चटगांव के चांदगांव थाना क्षेत्र के मोहरा वार्ड BNP के तत्कालीन महासचिव फिरोज खान ने कोतवाली थाने में चिन्मय दास समेत 19 लोगों के खिलाफ राजद्रोह कानून के तहत मामला दर्ज कराया था। आरोप राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का था। बाद में BNP ने फिरोज खान को पद से हटा दिया। चिन्मय दास को इसी मामले में 25 नवंबर 2024 को ढाका में गिरफ्तार किया गया था। वकीलों की चिंता मुख्य रूप से उनके स्वास्थ्य और धार्मिक आहार नियमों को लेकर है, जो अब नई जेल में पूरे होते नहीं दिख रहे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article