US Iran Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ जारी सैन्य टकराव से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं। फरवरी के आखिरी हफ्ते से अमेरिका और ईरान के बीच जंग छिड़ी हुई है और दोनों पीछे हटने का नाम नहीं ले रहे हैं।
ट वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका तेहरान के साथ परमाणु समझौते के बजाय होर्मुज स्ट्रेट को खोलने वाले समझौते को प्राथमिकता दे सकता है। बकौल रिपोर्ट, अगर तेहरान होर्मुज को पूरी तरह से खोल देता है तो ट्रंप प्रशासन परमाणु मुद्दे को फिलहाल किनारे रखकर जीत की घोषणा कर सकता है।
इस नतीजे पर पहुंचने के लिए ट्रंप ने कई हफ्ते तक तैयारी की और उन्होंने वरिष्ठ सहयोगियों को बताया कि वह तेहरान के साथ फॉर्मल न्यूक्लियर एग्रीमेंट किए बिना पीछे हट सकते हैं। हालांकि, ईरान ने होर्मुज में जहाजों की आवाजाही बहाल करने के बदले कई बड़ी मांगें रख दी हैं।
ईरान की ओर से अरबों डॉलर के भुगतान, अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी खत्म करने, क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की पूरी वापसी और अन्य अहम रियायतों की मांग की जा रही है। इन शर्तों ने अमेरिका के लिए कूटनीतिक समाधान की गुंजाइश को और सीमित कर दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: होर्मुज में सुरक्षित नहीं जहाज! UAE ने ईरान पर लगाया तेल टैंकर को निशाना बनाने का आरोप; कहा- मिसाइल से हुआ हमला
ईरान ने रखी बड़ी शर्त
ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव 'मोहम्मद बाकर जोलघद्र' ने भी होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए कई शर्तें रखी हैं। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, उन्होंने अमेरिका से युद्ध स्थायी रूप से खत्म करने, नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, अमेरिकी सैन्य बलों को क्षेत्र से वापस बुलाने और सभी प्रतिबंध समाप्त करने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त, तेहरान ने फ्रीज किए गए वित्तीय संसाधनों को जारी करने, मुआवजा और ईरान के खिलाफ अमेरिकी धमकियों तथा सैन्य कार्रवाइयां बंद करने की मांग की। साथ ही, सहयोगी क्षेत्रीय समूहों के खिलाफ कार्रवाई रोकने की भी शर्त रखी गई।
UAE के जहाज पर हमला
बीते दिनों, यूएई ने दावा किया था कि होर्मुज से गुजरते समय ईरान ने अबू धावी के एक टैंकर को निशाना बनाया। यूएई के विदेश मंत्रालय मुताबिक, जब वाणिज्यिक जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था, उसी वक्त ईरान ने उस पर हमला किया। यूएई ने दावा किया कि ईरान ने जहाजों पर जारी हमलों के तहत इस पोत पर मिसाइल दागी। हालांकि, इस हमले में जहाज में सवार क्रू के हताहत होने की सूचना नहीं है।
