दुनिया

होर्मुज में सुरक्षित नहीं जहाज! UAE ने ईरान पर लगाया तेल टैंकर को निशाना बनाने का आरोप; कहा- मिसाइल से हुआ हमला

West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर है। इस बीच, यूएई ने ईरान पर आरोप लगाया कि होर्मुज से गुजरते समय उनके एक जहाज पर मिसाइल दागी गई। हालांकि, यह नहीं बताया कि हमला कहां हुआ।

Image

होर्मुज में पसरा तनाव (फाइल फोटो)

West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने शनिवार को ईरान पर अबू धाबी की सरकारी तेल एवं गैस कंपनी ADNOC के स्वामित्य वाले एक जहाज पर हमला करने का आरोप लगाया।

यूएई के विदेश मंत्रालय मुताबिक, जब वाणिज्यिक जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था, उसी वक्त ईरान ने उस पर हमला किया। यूएई ने दावा किया कि ईरान ने जहाजों पर जारी हमलों के तहत इस पोत पर मिसाइल दागी। हालांकि, इस हमले में जहाज में सवार क्रू के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दर्जनभर से ज्यादा जहाजों को बनाया गया निशाना

ADNOC ने एक बयान जारी कर बताया कि शनिवार तड़के हुए हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। बकौल कंपनी, फरवरी में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किए जाने के बाद से होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय उसके एक दर्जन से ज्यादा जहाजों को निशाना बनाया जा चुका है। कंपनी ने बताया कि इन हमलों में अब तक चालक दल के एक सदस्य की मौत हो चुकी है, जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं।

ADNOC ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हमला होर्मुज में कहां हुआ और जहाज को कितना नुकसान पहुंचा है। हालांकि, बाद में यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (UKMTO) ने बताया कि ओमान के खसब शहर के पूर्व में एक जहाज को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया, जिसकी वजह से उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया और जहाज तथा चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए। हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह वही जहाज था, जिस पर ADNOC ने हमले की जानकारी दी थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article