दुनिया

स्वीडन की स्कूल में मचा हड़कंप, हमलवार ने कई लोगों पर किया तलवार से हमला; पुलिस ने संदिग्ध को पकड़ा

Sweden School Attack: स्वीडन की एक स्कूल में शुक्रवार को तलवार लेकर पहुंचे एक हमलावर ने कई लोगों को घायल कर दिया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है।

Image

स्वीडन पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Sweden School Attack: स्वीडन की एक स्कूल में शुक्रवार को तलवार लेकर पहुंचे एक हमलावर ने कई लोगों को घायल कर दिया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यह हमला राजधानी स्टॉकहोम से उत्तर-पश्चिम में स्थित फागेर्स्टा शहर के ब्रिनेल स्कूल में हुआ। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस प्रवक्ता पेले वामस्टेड ने बताया कि शुक्रवार दोपहर घटना को लेकर अलर्ट मिला। जिसके तत्काल बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची।

वामस्टेड ने बताया कि जांच अधिकारी स्कूल या आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रहे हैं ताकि घटना के बारे में कुछ सुराग मिल सकें। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने कहा कि फागेर्स्टा के एक स्कूल में गर्मियों की छुट्टी के तत्काल बाद एक गंभीर घटना हुई। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर तेजी से काम कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्कूल में लगभग 450 छात्र पढ़ते हैं, जिनकी उम्र 16 से 20 वर्ष के बीच है। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूल के बाहर कई एंबुलेंस, पुलिस वाहन और एक पुलिस हेलीकॉप्टर मौजूद थे। फागेर्स्टा की आबादी 12,000 के आसपास है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। साथ ही लोगों से बैरिकेड्स का सम्मान करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है।

स्कूल में चला तलाशी अभियान

बकौल रिपोर्ट, पुलिस ने स्कूल में तलाशी अभियान चलाया और इलाके के अन्य स्कूलों में एहतियातन लॉकडाउन घोषित किया गया। स्थानीय मीडिया ने दावा किया कि तलवार लिए एक संदिग्ध के पैर में पुलिस ने गोली मारी। हालांकि, इस रिपोर्ट की तत्काल कोई पुष्टि नहीं हो पाई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article