दुनिया

होर्मुज में बढ़ा तनाव, केश्म द्वीप के पास ईरानी मालवाहक जहाज पर हमले के बाद ओमान में होने वाली क्षेत्रीय बैठक स्थगित, ट्रंप चुप

Iran Oman Talks Postponed Gulf Crisis: होर्मुज के पास ईरानी मालवाहक पोत पर हुए हमले के बाद ओमान में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय वार्ता स्थगित कर दी गई है।

Image

होर्मुज में बढ़ा तनाव, केश्म द्वीप के पास ईरानी मालवाहक जहाज पर हमले के बाद ओमान में होने वाली क्षेत्रीय बैठक स्थगित, ट्रंप चुप

Strait of Hormuz Iran Cargo Ship Attack: होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी मालवाहक पोत पर हमले के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के अपने प्रयासों के बारे में पड़ोसी देशों को जानकारी देने की योजना स्थगित कर दी। लाल सागर में पोतों की आवाजाही पर खतरा पिछले सप्ताह बढ़ने के बाद इस हमले ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। यमन में सरकारी बलों से लड़ रहे ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक द्वीप पर कब्जा कर लिया है जो होर्मुज जलडमरूमध्य के विकल्प के रूप में समुद्री परिवहन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' ने केश्म के गवर्नर के हवाले से रविवार के हमले के लिए एक 'आतंकवादी दुश्मन' को जिम्मेदार ठहराया। एजेंसी की खबर के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।

इस संबंध में अमेरिकी सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के दौरान ईरान के झंडे वाले पोतों को निशाना बनाया है और अब उसे अपने युद्धपोतों पर दागी जा रही ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के नए खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

बंदर अब्बास बंदरगाह शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित केश्म द्वीप, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की ईरान की कोशिशों के लिए महत्वपूर्ण है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'हमारे लोगों को धमका कर झुकाया नहीं जा सकता। ईरान आत्मसमर्पण नहीं करेगा।'

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे असहमति जताते हुए रविवार को कहा कि ईरान 'समझौता करने के लिए इतना बेताब है’’ कि ’’वे लगातार फोन कर रहे हैं।' बाद में एक पत्रकार ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या रविवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी मालवाहक पोत पर अमेरिका ने हमला किया था, तो उन्होंने कहा, 'मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।'

बैठक में होर्मुज के प्रबंधन व ओमान के प्रयासों पर होनी थी बात

ईरान ने कहा था कि क्षेत्र के देशों के विदेश मंत्री सोमवार को ओमान में बैठक करेंगे तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के लिए ईरान और जलडमरूमध्य के दूसरी ओर स्थित ओमान के प्रयासों पर चर्चा करेंगे।

हालांकि, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने रविवार देर रात सोशल मीडिया मंच 'X' पर कहा कि 'आम सहमति के हित में' बैठक स्थगित कर दी गई है। ईरान के विदेश मंत्रालय के अधिकारी मोहम्मद अली बाक ने कहा कि ईरान और ओमान ने

'कुछ क्षेत्रीय देशों के अनुरोध पर' वार्ता स्थगित करने पर सहमति जताई। 'इरना' ने 'X' पर उनके हवाले से यह जानकारी दी।

मामले की जानकारी रखने वाले खाड़ी क्षेत्र के एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि सऊदी अरब ने ईरान-ओमान समझौते में संशोधन सुझाए हैं। सऊदी अरब ने चिंता जताई है कि यह समझौता होर्मुज जलडमरूमध्य पर लंबे समय तक प्रभाव डाल सकता है और इससे खाड़ी सहयोग परिषद के अन्य देशों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article