दुनिया

ईरान-अमेरिका वार्ता फिर शुरू होने के संकेत;ओमान के प्रस्ताव के बाद ट्रंप बोले- मैं बात करने को तैयार

ईरान पर हमले और खामेनेई की मौत के एक दिन बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान का नया नेतृत्व बातचीत चाहता है और उन्होंने इसके लिए सहमति दे दी है। हालांकि ट्रंप ने बातचीत की तारीख स्पष्ट नहीं की, लेकिन कहा कि समझौता पहले हो सकता था।

Image

ट्रंप ईरान से वार्ता को तैयार

पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। ओमान की मध्यस्थता के जरिए ईरान की ओर से तनाव कम करने का संकेत मिलने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे बातचीत के लिए तैयार हैं। इससे दोनों देशों के बीच रुकी हुई वार्ता फिर शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।

ओमान की पहल,संघर्ष विराम की अपील

ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने रविवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अरागची से फोन पर बातचीत की। ओमान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अलबुसैदी ने संघर्ष विराम और संवाद की वापसी की अपील दोहराई। बयान में कहा गया कि सभी पक्षों की वैध चिंताओं को ध्यान में रखते हुए बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए।

ईरानी विदेश मंत्री अरागची ने भी कथित तौर पर कहा कि ईरान “शांति चाहता है” और किसी भी गंभीर प्रयास के लिए तैयार है,जो तनाव कम करने और क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने में मदद करे।

हमलों के बीच कूटनीति

यह कूटनीतिक पहल ऐसे समय में सामने आई है जब ईरान ने अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों के जवाब में लगातार दूसरे दिन भी हमले किए। ओमान, जो पहले दिन के हमलों में अपेक्षाकृत सुरक्षित रहा था, वहां के दुक्म बंदरगाह पर दो ईरानी ड्रोन गिरने की खबर है, जिसमें एक विदेशी कर्मचारी घायल हुआ। स्थिति की गंभीरता के बावजूद ओमान ने खुद को एक तटस्थ मध्यस्थ के रूप में सक्रिय बनाए रखा है।

क्या बोले ट्रंप

अटलांटिक मैगज़ीन को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान का नया नेतृत्व उनसे बात करना चाहता है और उन्होंने इस पर सहमति दे दी है। उन्होंने कहा,वे बात करना चाहते हैं और मैंने बात करने के लिए हामी भर दी है। उन्हें यह पहले कर लेना चाहिए था। जो करना था, वह व्यावहारिक और आसान था, लेकिन उन्होंने बहुत देर कर दी। हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि बातचीत किस स्तर पर होगी और कब शुरू हो सकती है। ट्रंप ने कहा कि जिन लोगों से हम बातचीत कर रहे थे,उनमें से कई अब नहीं रहे। वह बड़ा हमला था। उन्हें पहले समझौता कर लेना चाहिए था। उन्होंने जरूरत से ज्यादा चालाकी दिखाने की कोशिश की।

ओमान की भूमिका क्यों अहम?

ओमान लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच बैक-चैनल संवाद का केंद्र रहा है। मस्कट में अप्रत्यक्ष वार्ताओं की मेजबानी कर वह दोनों देशों के बीच पुल का काम करता रहा है। हाल के महीनों में जेनेवा में भी ओमान की मध्यस्थता से वार्ताएं चल रही थीं, जिनका मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय स्थिरता पर सहमति बनाना था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article