कम बजट में सर्दियों की छुट्टियां बिताने के लिए ऋषिकेश अच्छा विकल्प है। यहां गंगा किनारे सुकून के पल बिताने के साथ रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग और कैफे का मजा ले सकते हैं। आसपास घूमने के लिए कई खूबसूरत जगहें भी हैं। बजट में गेस्ट हाउस और हॉस्टल आसानी से मिल जाते हैं।
सर्दियों में राजस्थान की राजधानी जयपुर घूमने का अलग ही मजा है। यहां आमेर किला, हवा महल, जल महल और सिटी पैलेस जैसी जगहें देख सकते हैं। सर्दियों का सुहावना मौसम घूमने-फिरने के लिए शानदार रहता है। कम बजट में लोकल ट्रांसपोर्ट और बजट होटल के साथ ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
पहाड़ों में सर्दियां बिताने का मन है तो मैकलोडगंज जा सकते हैं। यहां खूबसूरत पहाड़, तिब्बती संस्कृति, मठ और शांत कैफे आपका मन मोह लेंगे। भागसूनाग झरना और नामग्याल मठ भी घूमने लायक हैं। बजट हॉस्टल और छोटे गेस्ट हाउस में ठहरकर खर्च कम रख सकते हैं।
कम खर्च में एक अलग तरह की छुट्टी बितानी है तो पुष्कर अच्छा विकल्प है। यहां पुष्कर झील, ब्रह्मा मंदिर और रंग-बिरंगे बाजार घूम सकते हैं। छोटे कैफे और बजट गेस्ट हाउस इस जगह को किफायती बनाते हैं। सर्दियों में यहां का मौसम भी काफी सुहावना रहता है।
सर्दियों की छुट्टियों में वाराणसी की सैर भी यादगार हो सकती है। गंगा घाटों पर सुबह की सैर, नाव की सवारी और शाम की गंगा आरती का अनुभव बेहद खास है। यहां काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन भी कर सकते हैं। बजट होटल, धर्मशालाओं और स्थानीय खानपान के विकल्पों से यात्रा का खर्च कम रखा जा सकता है।
कम बजट में घूमने के लिए अमृतसर भी शानदार जगह है। यहां स्वर्ण मंदिर के दर्शन, जलियांवाला बाग की सैर और वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट समारोह देख सकते हैं। स्वर्ण मंदिर के लंगर में भोजन की व्यवस्था भी रहती है। इससे खाने का खर्च बचाने में मदद मिल सकती है।
सर्दियों में कुछ अलग देखने का मन है तो गुजरात के कच्छ का रुख करें। यहां सफेद रण का विशाल रेगिस्तान, लोक संस्कृति और रंगीन हस्तशिल्प देखने को मिलते हैं। सर्दियों में रण उत्सव भी आयोजित होता है। खर्च कम रखना है तो महंगे टेंट की जगह आसपास के बजट होमस्टे और गेस्ट हाउस चुन सकते हैं।