Independence Day: पृथ्वी से 421 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर मौजूद रूसी कॉस्मोनॉट्स ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को बेहद खास अंदाज में बधाई दी। उन्होंने स्पेस स्टेशन पर भारतीय तिरंगा हाथ में लेकर भारत और रूस के बीच दशकों पुरानी दोस्ती और अंतरिक्ष सहयोग को रेखांकित किया।
रूसी कॉस्मोनॉट्स द्वारा भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए एक वीडियो संदेश सामने आया। उन्होंने कहा कि स्पेस सेक्टर में साझेदारी भारत-रूस संबंधों का एक अहम आधार रही है। कॉस्मोनॉट प्योत्र दुबरोव ने कहा, "प्रिय दोस्तों, आज भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।" उन्होंने भारतीय लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना की।
'सच्चे दोस्तों का देश है भारत'
रूसी कॉस्मोनॉट्स ने भारत के स्वतंत्रता दिवस को मानव अंतरिक्ष उड़ान से जुड़े एक ऐतिहासिक पड़ाव से भी जोड़ा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सोवियत कॉस्मोनॉट यूरी गागरिन के अंतरिक्ष में जाने के 65 साल पूरे हो रहे हैं। गागरिन नवंबर 1961 में भारत आए थे और भारत-सोवियत संघ की मजबूत होती दोस्ती के शुरुआती प्रतीकों में शामिल रहे।
कॉस्मोनॉट्स ने गागरिन के भारत को लेकर प्रसिद्ध विचार का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गागरिन ने भारत को अंतरिक्ष से सुंदर और धरती पर उससे भी ज्यादा खूबसूरत बताया था, क्योंकि यह "सच्चे दोस्तों" का देश है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सूर्य के रहस्यों से उठा पर्दा! सतह पर घूम रहे सौर भंवर, नजारा देख मंत्रमुग्ध हो गए वैज्ञानिक
रूसी कॉस्मोनॉट्स ने भारत-रूस के अंतरिक्ष सहयोग के लंबे इतिहास को भी याद किया। यह साझेदारी 1975 में उस समय एक अहम पड़ाव पर पहुंची थी, जब सोवियत संघ ने भारत के पहले सैटलाइट 'आर्यभट्ट' को अंतरिक्ष में लॉन्च किया था। इसके करीब एक दशक बाद 1984 में भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा सोवियत स्पेसक्राफ्ट सोयुज T-11 से स्पेस में पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। इस उपलब्धि ने दोनों देशों के रिश्ते को और मजबूत किया।
कॉस्मोनॉट अन्ना किकिना ने कहा कि भारत और रूस की साझेदारी अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने 'गगनयान' मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय अंतरिक्ष यात्री यानी गगनयात्री रूस स्थित यूरी गागरिव कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले चुके हैं। इस दौरान, उन्होंने इसरो का भी उल्लेख किया।
