दुनिया

Russia Ukraine War: क्या रूस के खिलाफ जंग में यूक्रेन का साथ देंगे एलन मस्क? जेलेंस्की ने ट्रंप से की बड़ी मांग

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रूस के खिलाफ सैन्य अभियानों में स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क के इस्तेमाल की अनुमति दिलाने की अपील की है। रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की चाहते हैं कि ट्रंप एलन मस्क और स्पेसएक्स से इस प्रतिबंध में ढील दिलाने में मदद करें। फिलहाल स्टारलिंक को रूस की सीमा के भीतर इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है।

Image

ssia Ukraine War: रूस के भीतर Starlink इस्तेमाल करना चाहता है यूक्रेन। AI IMAGE

Russia Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रूस के खिलाफ सैन्य अभियानों में स्टारलिंक सैटेलाइट (Starlink) कम्युनिकेशन सिस्टम के इस्तेमाल की अनुमति दिलाने की अपील की है। जानकारी के मुताबिक, जेलेंस्की चाहते हैं कि ट्रंप, टेक अरबपति एलन मस्क से इस संबंध में मंजूरी दिलाने में मदद करें। सूत्रों के अनुसार, जेलेंस्की ने इस सप्ताह वॉशिंगटन यात्रा के दौरान ओवल ऑफिस में हुई बैठक में यह मुद्दा सीधे राष्ट्रपति ट्रंप के सामने उठाया।

हालांकि, ट्रंप की ओर से इस अनुरोध पर कोई स्पष्ट या ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने कैपिटल हिल में अमेरिकी सांसदों से बातचीत के दौरान भी रूस के भीतर निशाने साधने के लिए स्टारलिंक के इस्तेमाल की जरूरत दोहराई।

बताया जा रहा है कि यूक्रेन रूस की ओर से लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए नए विकल्प तलाश रहा है। अमेरिका के पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और इंटरसेप्टर मिसाइलों की सीमित उपलब्धता के कारण कीव अब उन्नत सैटेलाइट संचार क्षमताओं का अधिक प्रभावी उपयोग करना चाहता है।

स्टारलिंक पर क्या हैं पाबंदियां?

गौरतलब है कि वर्तमान में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स यूक्रेन को उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सीमा और रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों में स्टारलिंक सेवा का उपयोग करने की अनुमति देती है। हालांकि, रूस की अंतरराष्ट्रीय सीमा के भीतर इस सैटेलाइट नेटवर्क का इस्तेमाल करने पर अब भी प्रतिबंध लागू है।

रिपोर्टों के मुताबिक, राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पिछले कुछ सप्ताह से अमेरिकी अधिकारियों से इस प्रतिबंध में ढील देने की मांग कर रहे हैं, ताकि रूस के भीतर भी स्टारलिंक का उपयोग किया जा सके। फिलहाल इस मामले पर व्हाइट हाउस, यूक्रेन के दूतावास और स्पेसएक्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

स्टारलिंक ने साध रखी है चुप्पी

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियानों के चलते इंटरसेप्टर मिसाइलों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसी बीच राष्ट्रपति ट्रंप भी यूक्रेन को इन इंटरसेप्टरों के उत्पादन का लाइसेंस देने के अपने हालिया संकेतों से पीछे हटते नजर आए हैं। ऐसे में जेलेंस्की का स्टारलिंक के सैन्य इस्तेमाल की अनुमति दिलाने का अनुरोध यूक्रेन की बदलती रक्षा रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल इस मुद्दे पर न तो व्हाइट हाउस और न ही स्टारलिंक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article