दुनिया

रूस-यूक्रेन में रातभर हुए मिसाइल और ड्रोन हमले, 7 लोगों की हुई मौत; दर्जनों घायल

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से युद्ध छिड़ा हुआ है। बीती रात को मामला उस वक्त गर्मा गया जब दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई।

Image

रूस-यूक्रेन में रातभर हुए भीषण हमले

Photo : AP

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से युद्ध छिड़ा हुआ है और थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों एक-दूसरे पर सैन्य बढ़त हासिल करने के उद्देश्य से जमकर कहर बरपा रहे हैं। बीती रात रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे के खिलाफ ऐसी तबाही मचाई कि उसमें कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

मासूम सहित दो दर्जन से ज्यादा लोग हुए घायल

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए। रूस के सीमावर्ती बेलगोरोद क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हुए। घायलों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल है।

वहीं, यूक्रेन के खारकीव शहर के साल्तिव्स्की जिले में रूसी मिसाइल एक इमारत से जा टकराई। क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव के अनुसार, हमले में दो लोगों की मौत हुई और 13 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह शहर ओडेसा में भी बड़े पैमाने पर हमला हुआ। स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि शहर और आसपास के इलाकों में दर्जनों मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया, जिसमें आठ लोग घायल हुए।

पश्चिमी देशों से हथियार मांग रहे जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की लंबे समय से पश्चिमी देशों खासकर अमेरिका से अतिरिक्त पैट्रियट सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। बकौल जेलेंस्की, नागरिकों को रूसी हमलों से बचाने के लिए इसकी बेहद जरूरत है। यूक्रेन के रूस के खिलाफ लंबी दूरी के ड्रोन हमले जारी हैं। इन हमलों में रूसी ऊर्जा ढांचे, देश की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनियों में से एक वाइल्डवरीज और रूस के अंदर स्थित अन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को दावा किया कि उसके रातभर के हमलों में खारकीव क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन के गोदामों के अलावा ओडेसा बंदरगाह पर यूक्रेनी सेना के ईंधन डिपो और सैन्य सामग्री के भंडार को निशाना बनाया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article