दुनिया

'होर्मुज से नया शिपिंग रूट बनाने की कोशिश कर रहा अमेरिका', जेडी वेंस बोले- हमें ईरान पर भरोसा नहीं

US Iran Conflict: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एक नया शिपिंग रूट बनाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, कहा कि वॉशिंगटन ईरान पर दबाव बनाए रखेगा।

Image

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (फाइल फोटो)

US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि ईरान-ओमान समझौते से होर्मुज नहीं खुलने वाला है। इसके लिए अमेरिका को ईरान की सभी शर्तें माननी होगी। इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का शनिवार को बड़ा बयान सामने आया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अमेरिका होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एक नया शिपिंग रूट बनाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, कहा कि वॉशिंगटन ईरान पर दबाव बनाए रखेगा।

'सैटरडे इन अमेरिका' कार्यक्रम में फॉक्स न्यूज की होस्ट केली मैकनेनी से बातचीत में वेंस ने कहा, ''प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ईरान को वाणिज्यिक जहाजों पर हमला नहीं करने की प्रतिबद्धता देनी होगी। उन्होंने कहा कि तेहरान ने वॉशिंगटन को बताया है कि वह होर्मुज से तेल की अधिकतम संभव आवाजाही की अनुमति देगा, लेकिन हम उस पर भरोसा नहीं हैं।

'ईरानियों के साथ बातचीत जारी'

वेंस ने आगे कहा कि हम ईरानियों से बातचीत कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि होर्मुज से ज्यादा से ज्यादा तेल और गैस बाहर जा सके। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि हमें इस खास लड़ाई में वह मिल सके, जिसकी हमें जरूरत है। वेंस ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के ''परमाणु कार्यक्रम और पारंपरिक सैन्य क्षमता को नष्ट'' कर दिया है तथा उनकी अलग-अलग मिलिट्री क्षमताओं को भी काफी कम कर दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि अब हम यह देख रहा है कि क्या ईरान अमेरिका के साथ बेहतर संबंध बनाने के लिए दीर्घकालिक बदलाव करने को तैयार है। उन्होंने आगे कहा, "हम बस उतना ही दबाव डालते रहेंगे जितना हम डाल सकते हैं और पश्चिम एशिया से ज्यादा से ज्यादा तेल और गैस निकालते रहेंगे ताकि अमेरिकी गैस और एनर्जी की कम कीमतों का मजा ले सकें।"

जल्द खत्म हो सकता है संघर्ष

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को भरोसा जताया था कि ईरान के साथ संघर्ष बहुत जल्द समाप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि ईरान ज्यादा लंबे समय तक मौजूदा स्थिति का सामना नहीं कर सकता और होर्मुज से जुड़े वार्ता प्रयासों को लेकर भी उम्मीद जताई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!