ड्रोन हमलों से दहला खारकीव
यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रूसी सेना ने 85 शाहेड ड्रोन और यूएवी ने उत्तरपूर्वी शहर खारकीव और अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया, लेकिन हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने 40 ड्रोन को ध्वस्त कर दिया और 9 अन्य रडार से गायब हो गए। साफ शब्दों में कहें तो एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह से रूसी हमलों को रोक पाने में असफल रहा। बकौल मेयर इहोर तेरेखोव, सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में खारकीव शामिल था, जहां 17 ड्रोन ने दो आवासीय इलाकों पर हमला किया।

खारकीव में रूस ने बरपाया कहर
क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव के मुताबिक, ड्रोन हमले में दो लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई और कम से कम 60 लोग घायल हो गए, जिनमें दो से 15 साल की आयु के नौ बच्चे शामिल हैं। इस हमले के बाद बचावकर्मी रातभर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त
रूसी हमलों ने स्लोबिडस्की और ओस्नोवियान्स्की जिलों में तबाही मचा दी जिसकी वजह से रिहायशी इमारतें, ग्राउंड, औद्योगिक स्थल और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुए। सामने आई तस्वीरों में जलते हुए अपार्टमेंट, टूटी हुई खिड़कियां और आग बुझाने के लिए संघर्ष कर रहे अग्निशामक दल दिखाई दिए।
