दुनिया

रूस ने अमेरिका को घोषित किया 'दुश्मन', कहा- तेल प्रतिबंध 'युद्ध के कृत्य' के समान, तनाव चरम पर

अमेरिका ने रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों, रोसनेफ्ट और लुकोइल पर प्रतिबंध लगा दिए हैं, और इसी के साथ ट्रंप प्रशासन ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को समाप्त करने के लिए क्रेमलिन पर बातचीत करने का दबाव बढ़ा दिया है।

Image

पुतिन-ट्रंप के बीच तनाव (AP)

Russia Declares US An Enemy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूक्रेन युद्ध पर अपनी हालिया नीतिगत बदलाव के तहत रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने के बाद मॉस्को ने इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने गुरुवार को अमेरिका को रूस का दुश्मन करार देते हुए कहा कि यह कदम "युद्ध की कार्रवाई" के समान है। मेदवेदेव ने आगे कहा कि शांति निर्माता ट्रंप पागल यूरोप का साथ देकर रूस के साथ युद्ध की राह पर चल पड़े हैं।

मेदवेदेव बोले, अमेरिका हमारा दुश्मन है

मेदवेदेव ने टेलीग्राम पर लिखा, अमेरिका हमारा दुश्मन है, और उनके बातूनी 'शांति निर्माता' अब रूस के साथ युद्ध की राह पर पूरी तरह से चल पड़े हैं। लिए गए फैसले रूस के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई हैं। और अब ट्रंप पूरी तरह से पागल यूरोप के साथ जुड़ गए हैं। दूसरी ओर, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने मॉस्को में पत्रकारों से कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के मूल कारणों का समाधान किया जाना चाहिए और यूक्रेन में उनके लक्ष्य नहीं बदलेंगे।

अमेरिका ने रूस की सबसे बड़ी तेल कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए

अमेरिका ने रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों, रोसनेफ्ट और लुकोइल पर प्रतिबंध लगा दिए हैं, और इसी के साथ ट्रंप प्रशासन ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को समाप्त करने के लिए क्रेमलिन पर बातचीत करने का दबाव बढ़ा दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने नए प्रतिबंधों के लिए अमेरिका का आभार जताते हुए कहा कि ये बहुत महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मॉस्को पर और दबाव बनाने की जरूरत है।

ट्रंप ने पुतिन के साथ शिखर वार्ता रद्द की

बुधवार को ट्रंप ने बताया था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बुडापेस्ट में होने वाली प्रस्तावित शिखर वार्ता रद्द कर दी गई है क्योंकि उन्हें विश्वास नहीं था कि इससे इच्छित परिणाम मिलेंगे। उन्होंने शिकायत की कि पुतिन के साथ उनकी कई अच्छी बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंचीं। अगस्त में अलास्का में पुतिन के साथ शिखर वार्ता के बाद ट्रंप ने यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की अपनी मांग छोड़ दी और समग्र शांति समझौते पर सीधे बातचीत करने के मास्को के पसंदीदा विकल्प को अपनाया।

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, हमने राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठक रद्द कर दी, यह मुझे ठीक नहीं लगा। ऐसा नहीं लग रहा था कि हम उस मुकाम तक पहुंच पाएंगे जहां हमें पहुंचना था। इसलिए मैंने इसे रद्द कर दिया, लेकिन हम भविष्य में ऐसा करेंगे। बता दें कि प्रतिबंधों के कारण गुरुवार को वैश्विक तेल की कीमतों में 3% की वृद्धि हुई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article