दुनिया

'पीछे नहीं हटे तो सैन्य ताकत से छीन लेंगे जमीन', पुतिन ने यूक्रेन को चेताया, ट्रंप के शांति प्रस्ताव को सराहा

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक पत्रकारों के साथ बातचीच में पुतिन ने उम्मीद जताई कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के नेतृत्व में एक अमेरिकी शिष्टमंडल अगले सप्ताह मास्को का दौरा करेगा। रूसी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि इस शांति प्रस्ताव पर उनका देश गंभीरता के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है।

Image

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए ट्रंप ने बनाया है शांति प्लान। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Vladimir Putin: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यूक्रेन के जिस हिस्से में रूसी सैनिक मौजूद हैं, वहां से यूक्रेनी सैनिक यदि पीछे नहीं हटे तो वे ताकत के बल पर इसे हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा है इससे यूक्रेन को अपना ज्यादा भू-भाग गंवाना पड़ सकता है। साथ ही रूसी राष्ट्रपति ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव की सराहना की। पुतिन ने कहा है कि यह शांति प्रस्ताव भविष्य के करारों का आधार बन सकता है। पुतिन ने यह बात गुरुवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में कही।

अगले सप्ताह मास्को जाएंगे विशेष दूत विटकॉफ

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक पत्रकारों के साथ बातचीच में पुतिन ने उम्मीद जताई कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के नेतृत्व में एक अमेरिकी शिष्टमंडल अगले सप्ताह मास्को का दौरा करेगा। रूसी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि इस शांति प्रस्ताव पर उनका देश गंभीरता के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि यह युद्ध तभी रुक सकता है जब रूस के नियंत्रण वाले इलाके से यूक्रेनी सैनिक पूरी तरह से हटें।

इरादा यूरोप पर हमला करने का नहीं-पुतिन

पुतिन ने यह भी कहा कि उनका इरादा यूरोप पर हमला करने का नहीं है और इस बात को वह लिखकर देने के लिए तैयार हैं। दरअसल, नाटो के देश जिसमें ज्यादातर यूरोप के देश शामिल हैं, उनका कहना है कि यूक्रेन में युद्ध खत्म हो जाने के बावजूद पुतिन रुकेंगे नहीं। वे अपना अगला निशाना यूरोप को बनाएंगे। इसलिए वे डरे हुए हैं। यूरोपीय देश यूक्रेन के लिए एक पुख्ता सुरक्षा गारंटी चाहते हैं लेकिन अमेरिका का कहना है कि पहले युद्ध रुकना जरूरी है, इसके बाद सुरक्षा गारंटी पर बात की जा सकती है।

यूक्रेन पर रूस के हमले हुए तेज

इस बीच अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के उत्तरी सूमी क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन हमले में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रूस ने बृहस्पतिवार तड़के यूक्रेन के ओदेसा और निप्रोपेत्रोव्यस्क क्षेत्रों पर भी हमला किया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए और आग लग गई। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, रूस ने रात भर यूक्रेन पर 142 ड्रोन दागे। इस बीच, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी वायु रक्षा ने विभिन्न रूसी क्षेत्रों और काला सागर के ऊपर रात भर में 118 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article