शहर

Amravati News: अमरावती जिला महिला अस्पताल में बड़ा हादसा, नवजात ICU में आग लगने से 3 मासूमों की मौत

Amravati News: अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में सोमवार तड़के वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन मासूमों की मौत हो गई।

Image

अमरावती महिला अस्पताल के NICU में लगी आग

Photo : Times Now Digital

Amravati Hospital Fire: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, आग की घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि NICU में एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट होने के बाद वहां आग भड़क उठी। घटना के समय कक्ष में करीब 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग लगते ही अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद बड़ी संख्या में नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, आग की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चों की जान नहीं बचाई जा सकी।

NICU के एक कंपार्टमेंट में लगी आग

पुलिस कमिश्नर राकेश ओला ने बताया कि आज सुबह करीब 3:30 बजे जिला अस्पताल के NICU में आग लगी। NICU में तीन कंपार्टमेंट थे, जिनमें से एक में आग लगी। उस समय वहां 9 नवजात बच्चे भर्ती थे। हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को सुरक्षित दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग वेंटिलेटर में लगी थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

एक बच्चे के परिजन ने बताया कि उनका बच्चा तीन दिनों से वार्ड नंबर-3 के NICU में भर्ती था। सुबह करीब 3 बजे आग लगने के बाद उन्होंने अस्पताल और पुलिसकर्मियों से बच्चे के बारे में पूछा। लेकिन काफी देर तक उन्हें कुछ नहीं बताया गया। करीब एक घंटे बाद उन्हें पता चला कि बच्चे को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। परिजन जब वहां पहुंचे तो बच्चा सुरक्षित मिला। फिलहाल उसे ऑक्सीजन दी जा रही है।

6 बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कराया भर्ती

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद प्रभावित बच्चों को तत्काल दूसरे अस्पतालों में पहुंचाया गया। आग से प्रभावित 6 नवजात बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में वेंटिलेटर में विस्फोट को आग की वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article