दुनिया

PM Modi Philippines Visit: फिलीपींस पहुंचे पीएम मोदी, मनीला एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत,आसियान और ईस्ट एशिया समिट में लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंच गए हैं। यहां पहुंचने पर मनीला इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों का अभिवादन भी किया। पीएम मोदी अपनी फिलीपींस की यात्रा के दौरान 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे।

Image

पीएम मोदी पहुंचे फिलीपींस।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। यहां मनीला इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ 'जे' मोंटेस डी क्लारो ने उनकी अगवानी की। पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।

प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्रा फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही है। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। उनकी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा का मकसद दक्षिण-पूर्व और पूर्वी एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करना है। दोनों शिखर सम्मेलनों में क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों के साथ-साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

आसियान के साथ रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई गति

मनीला रवाना होने से पहले PM मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के बीच साझेदारी व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों तक फैली हुई है।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वह सदस्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर व्यापक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास,संपर्क तथा समृद्धि से जुड़े साझा लक्ष्यों को नई गति देने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और आसियान के रिश्तों की जड़ें सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान में हैं। समय के साथ यह संबंध एक मजबूत और व्यापक साझेदारी में बदल गया है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र की चुनौतियों पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने ईस्ट एशिया समिट को क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर बातचीत का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में शामिल होने वाले नेताओं के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी में नई ऊर्जा भरेगी और शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा संकल्प को और मजबूती देगी।

समुद्री सहयोग पर भारत का विशेष जोर

भारत और आसियान के बीच समुद्री सहयोग इस साल की साझेदारी का एक प्रमुख केंद्र है। वर्ष 2026 को भारत-आसियान समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत दोनों पक्षों के बीच समुद्री संपर्क और सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

क्या है आसियान और ईस्ट एशिया समिट?

आसियान की स्थापना वर्ष 1967 में हुई थी। इसमें फिलहाल 11 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देश इसके संवाद साझेदार हैं। वहीं, ईस्ट एशिया समिट की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी। यह आसियान के नेतृत्व वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। इसमें 11 आसियान देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस शामिल हैं।

यह मंच क्षेत्रीय सुरक्षा, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का अवसर देता है। इस साल आसियान शिखर सम्मेलन और इससे जुड़ी बैठकों की थीम 'नेविगेटिंग द फ्यूचर' रखी गई है। इसमें बदलती वैश्विक और क्षेत्रीय परिस्थितियों के बीच सहयोग बढ़ाने और चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article