दुनिया

अमेरिका से तनाव के बीच महिला लड़ाकों को कैसे तैयार कर रहा ईरान? खोला महिलाओं का सैन्य ट्रेनिंग केंद्र, ट्रेनिंग में क्या-क्या, जानें

Azadi Square Tehran: अमेरिका के साथ जारी भीषण संघर्ष के बीच ईरान ने तेहरान के आजादी स्क्वायर पर महिलाओं के लिए एक विशेष सैन्य प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया है।

Image

अमेरिका से तनाव के बीच महिला लड़ाकों को कैसे तैयार कर रहा ईरान? खोला महिलाओं का सैन्य ट्रेनिंग केंद्र, ट्रेनिंग में क्या-क्या, जानें

Iran Women Military Training: अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे लंबे संघर्ष के बीच ईरान ने अपनी रक्षात्मक रणनीतियों में एक बड़ा बदलाव किया है। राजधानी तेहरान के ऐतिहासिक आजादी स्क्वायर (Azadi Square) पर ईरानी सेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की देखरेख में महिलाओं के लिए एक विशेष सैन्य प्रशिक्षण केंद्र खोला गया है, जहां युद्ध के हालात से निपटने के लिए महिलाओं को फौजी ट्रेनिंग दी जा रही है।

क्यों पड़ी इस महिला सैन्य कैंप की जरूरत?

फरवरी से अमेरिका और इजरायल के साथ शुरू हुए इस सैन्य संघर्ष को नौ महीने से अधिक का समय बीत चुका है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में पश्चिम एशिया के संघर्ष को लेकर 'सकारात्मक गति' होने और लड़ाई खत्म होने के संकेत दिए हैं, लेकिन तेहरान को अभी भी आशंका है कि अमेरिका कभी भी नया जमीनी हमला (Ground Assault) कर सकता है। इसी संभावित खतरे को भांपते हुए ईरानी प्रशासन ने महिला नागरिकों को युद्ध के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है।

कैंप के अंदर क्या-क्या सिखाया जा रहा है?

इस शिविर में स्कूल की छात्राओं से लेकर युवा युवतियों और माताओं तक—विभिन्न आयु वर्ग की महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।

असलाह और हथियारों की ट्रेनिंग: IRGC के ट्रेंड पर्सनल महिलाओं को असॉल्ट राइफल्स, मशीन गन और अन्य हथियारों को चलाने का ककहरा सिखा रहे हैं।

जिपलाइनिंग और साहसिक अभ्यास: युद्ध के मैदान जैसी कठिन और दुर्गम परिस्थितियों से पार पाने के लिए महिलाओं को दीवारों पर चढ़ने (रैपलिंग), जिपलाइनिंग और खतरनाक बाधाओं को पार करने की फिजिकल ट्रेनिंग दी जा रही है।

'जान फदा' अभियान: यह पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम ईरान के राष्ट्रव्यापी 'जान फदा' (Jan Fada - यानी अपने प्राणों की आहुति देने वाले) अभियान का हिस्सा है, जिसे बासिज (Basij) मिलिशिया के तहत चलाया जा रहा है। इसका मकसद संकट के समय नागरिकों को राहत और सैन्य सहायता के लिए तैयार रखना है।

छोटे बच्चों के साथ पहुंची मां

छोटे बच्चों के साथ पहुंची मां

शिविर में शामिल महिलाओं की भावनाएं

इस कैंप में अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंची एक मां ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं इस कैंप में अपने बच्चे को लेकर आई हूं ताकि ये सारी बातें उसके अवचेतन मन में बैठ जाएं और वह भविष्य में इमाम महदी का एक सच्चा सिपाही बने। कुछ लोग सोचते हैं कि कम उम्र के बच्चे कुछ नहीं समझते, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है।'

कूटनीतिक मोर्चे पर क्या है स्थिति?

एक तरफ जहां तेहरान में महिलाएं हथियारों की ट्रेनिंग ले रही हैं, वहीं कूटनीतिक मोर्चे पर तनाव अभी भी बरकरार है। ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसेन रेजाई का कहना है कि फिलहाल अमेरिका और तेहरान के बीच कोई सीधी बातचीत नहीं चल रही है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को फिर से खोलने और बातचीत शुरू करने के लिए जून के समझौते की सात शर्तों को पूरा करने की मांग रखी है।

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो का दावा है कि कड़े आर्थिक प्रतिबंधों के चलते ईरान की सैन्य ताकत पहले ही काफी कमजोर हो चुकी है, इसलिए फिलहाल बड़े पैमाने पर सैन्य अभियानों की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि, अमेरिका ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने कोई 'रेड लाइन' पार की, तो अमेरिकी सेना किसी भी बड़ी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article