PM Modi at Holocaust Memorial : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को याद वाशेम स्थित होलोकॉस्ट पहुंचे और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके साथ इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद थे। यरूशलम स्थित याद वाशेम हिटलर की नाजी फौज के नरसंहार में मारे गए यहूदियों का आधिकारिक स्मारक है। इसे 1953 में निर्मित किया गया। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हिटलर की नाजी फौज एवं उसके सहयोगियों ने करीब 60 लाख यहूदियों की हत्या की। इन मारे गए लोगों की याद में यह स्मारक बनाया गया है।
यरूशलम में पीएम मोदी ने देखी प्रदर्शनी
स्मारक के भीतर 'हॉल ऑफ रिमेंबरेंस' में पीएम मोदी ने श्रद्धापूर्वक पीड़ितों को नमन किया और नेतन्याहू के साथ शांत भाव के साथ खड़े रहे। इस दौरान कद्दिश का पाठ होता रहा। यहां होलोकॉस्ट हिस्ट्री म्यूजियम, द हॉल ऑफ नेम्स और चिल्ड्रेन मेमोरियल भी है। होलोकॉस्ट आने स पहले पीएम मोदी ने यरूशलम में एक प्रदर्शनी देखी। इस प्रदर्शन में प्रौद्योगिकी, एआई, क्वांटम, स्वास्थ्य अन्य क्षेत्रों में इजरायल की तरक्की एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को जानकारी देते हुए लिखा प्रदर्शनी में प्रौद्योगिकी जगत के 'विशेष नवाचारों’ की झलक देखने को मिली। उन्होंने कहा, 'कृत्रिम मेधा, क्वांटम, स्वास्थ्य सेवा, साइबर सुरक्षा, जल संसाधन, कृषि आदि क्षेत्रों में इजरायली युवाओं के अग्रणी कार्यों को देखा। इजराइली कंपनियों से भारत में निवेश करने और हमारे प्रतिभाशाली युवाओं के साथ काम करने का आग्रह किया।’
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शनी में कृषि-प्रौद्योगिकी, जल-प्रौद्योगिकी, जलवायु-प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य-जैव प्रौद्योगिकी, स्मार्ट परिवहन, एआई, साइबर सुरक्षा और क्वांटम प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता रखने वाली अग्रणी इजरायली कंपनियों और शोध संस्थानों ने भाग लिया। विज्ञप्ति में कहा गया कि नवाचार एवं प्रौद्योगिकी साझेदारी भारत-इजरायल द्विपक्षीय संबंधों का प्रमुख आधार है। दोनों देश 'इंडिया-इजराइल इनोवेशन ब्रिज’ पहल के माध्यम से आधुनिक चुनौतियों के समाधान विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
दिग्गज कंपनियों के CEOs से मिले PM
इस दौरान प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकी उद्यमियों और विभिन्न कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने नवप्रवर्तकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदर्शित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी में भारत-इजरायल सहयोग को स्टार्टअप, नवाचार एवं व्यापारिक साझेदारियों में विशेष रूप से कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा एवं डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपार क्षमता है।
नौ वर्ष में PM मोदी की इजरायल की दूसरी यात्रा
उन्होंने इजरायली कंपनियों से भारत में निवेश, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी साझेदारी के अवसरों का पता लगाने तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए भारतीय युवाओं के साथ काम करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को इजरायल पहुंचे। यह नौ वर्ष में उनकी इजरायल की दूसरी यात्रा है।
