एजुकेशन

Jamia Millia Islamia: 10 नवंबर से शुरू होंगी ऑफलाइन कक्षाएं, 16 नवंबर से परीक्षाएं

Jamia में पिछले 18 दिनों से चल रहा छात्रों का प्रदर्शन गुरुवार रात खत्म हो गया। इसके बाद प्रशासन ने दोबारा नियमित पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी नए आदेश के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 से सभी कक्षाएं ऑफलाइन मोड में संचालित होंगी।

Image

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 10 नवंबर से शुरू होंगी ऑफलाइन कक्षाएं (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। विश्वविद्यालय में पिछले 18 दिनों से चल रहा छात्रों का प्रदर्शन गुरुवार रात खत्म हो गया। इसके बाद प्रशासन ने दोबारा नियमित पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी नए आदेश के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 से सभी कक्षाएं ऑफलाइन मोड में संचालित होंगी। इसके साथ ही दूसरे मिड-टर्म की परीक्षाएं भी ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर एमडी महताब आलम रिजवी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि दूसरे मिड-टर्म की परीक्षाएं 16 से 21 नवंबर 2026 तक होंगी। यह नया आदेश 24, 26 और 28 अक्टूबर को जारी किए गए पुराने नोटिस की जगह लागू होगा।

क्या था मामला

दरअसल, जामिया में छात्र संघ चुनाव और जामिया मिल्लिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन (JMISU) को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर 12 अक्टूबर से विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल चल रही थी। करीब 18 दिनों तक चले इस आंदोलन के बाद गुरुवार रात छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त करने का फैसला लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ को बहाल करने की दिशा में समयसीमा भी तय की है। 29 अक्टूबर को JMISU के संविधान को लागू करने की मंजूरी से जुड़े आदेश को इस मामले में अहम कदम माना जा रहा है।

जामिया में अब क्या रहेगा नया शेड्यूल?
कार्यक्रमतारीख
ऑफलाइन कक्षाएं शुरू10 नवंबर 2026
दूसरे मिड-टर्म की परीक्षाएं16 से 21 नवंबर 2026
परीक्षा का माध्यमऑफलाइन

कर्मचारियों ने प्रशासन के फैसले का स्वागत किया

शुक्रवार को विश्वविद्यालय के 2,000 से ज्यादा शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी अंसारी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने छात्र संघ चुनाव से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने के प्रयासों की सराहना की।

हालांकि, कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय की दीवारों पर कथित तौर पर आपत्तिजनक नारे लिखने और परिसर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को जीत और हार के नजरिए से नहीं देखना चाहिए।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को ऑफलाइन कक्षाओं और परीक्षाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति और अन्य रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया है।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article