वायरल न्यूज़

लाहौर के नन्हे उस्तादों की आवाज पर फिदा हुए भारतीय, Viral Video की लोगों ने जमकर की तारीफ

लाहौर की सुर ताल अकादमी के बच्चों ने पंजाबी गाना 'अल्फाज' गाकर भारत और पाकिस्तान के लोगों का दिल जीत लिया। 9 साल के अब्दुल रहमान समेत इन नन्हे कलाकारों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

Image

लाहौर के बच्चों की कव्वाली के मुरीद हुए भारतीय (Instagram/@williamgamborg)

कहते हैं कि संगीत की कोई भाषा या सरहद नहीं होती। अच्छी आवाज और दिल से गाया गया गाना किसी का भी दिल जीत सकता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस वीडियो (Video) में पाकिस्तान के लाहौर के कुछ छोटे बच्चे बेहद खूबसूरत अंदाज में पंजाबी गाना गाते नजर आ रहे हैं। उनकी मासूम आवाज और गाने के अंदाज ने भारत से लेकर पाकिस्तान तक के लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो को देखने के बाद भारतीय यूजर्स भी बच्चों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोग तो उन्हें प्यार से छोटे नुसरत फतेह अली खान तक कह रहे हैं। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुर ताल अकादमी के बच्चों ने दिखाया हुनर

वायरल वीडियो (Viral Video) में लाहौर की सुर ताल अकादमी के कुछ बच्चे नजर आ रहे हैं। ये बच्चे पंजाबी गाना 'अल्फाज' गाते हुए दिखाई देते हैं। खास बात यह है कि उनकी आवाज में एक अलग ही मिठास सुनाई देती है। बच्चे जिस आत्मविश्वास और लगन के साथ गाना गा रहे हैं, उसे देखकर कोई भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाएगा। इस दौरान बच्चों के साथ नॉर्वे के मशहूर डांस ग्रुप 'क्विकस्टाइल' के सदस्य विलियम गैम्बर्ग भी मौजूद थे। उन्होंने भी बच्चों के साथ मिलकर गाने में हिस्सा लिया। वीडियो में बच्चों और विलियम की जुगलबंदी लोगों को खूब पसंद आ रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

भारतीय यूजर्स भी हुए आवाज के दीवाने

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर सामने आया, लोगों ने इस पर जमकर प्यार बरसाना शुरू कर दिया। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के यूजर्स बच्चों की आवाज और उनके हुनर की तारीफ कर रहे हैं। कई भारतीय यूजर्स ने कमेंट करते हुए बच्चों को छोटे नुसरत कहा। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि संगीत ऐसी चीज है, जो दो देशों के लोगों को भी एक साथ जोड़ सकती है। वीडियो (Video) में नजर आने वाले 9 साल के अब्दुल रहमान ने भी दुनियाभर के लोगों से मिले प्यार पर खुशी जताई और भारत सहित सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया।

गरीब बच्चों को मुफ्त में संगीत सिखाती है अकादमी

इस पूरी कहानी की सबसे खास बात सुर ताल अकादमी की पहल है। साल 2016 में शुरू हुई यह अकादमी जरूरतमंद और गरीब परिवारों के बच्चों को बिना किसी फीस के संगीत सिखाती है। इसका मकसद ऐसे बच्चों को आगे बढ़ने का मौका देना है, जो आर्थिक परेशानी के कारण संगीत की शिक्षा नहीं ले पाते। आज इसी अकादमी के बच्चे अपनी आवाज के दम पर दुनियाभर में पहचान बना रहे हैं। उनका यह वीडियो सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि इस बात की मिसाल भी है कि अगर बच्चों को सही मौका और मार्गदर्शन मिले, तो वे अपनी प्रतिभा से बड़ी पहचान बना सकते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article