PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपनी दो दिवसीय इजरायल यात्रा पर तेल अवीव पहुंचे। इस दौरान तेल अवीव एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
प्रोटोकॉल तोड़कर किया स्वागत
बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर 'दोस्त मोदी' स्वागत किया। पीएम मोदी लगभग नौ साल बाद इजरायल दौरे पर गए हैं। आखिरी बार उन्होंने 2017 में तेल अवीव का दौरा किया था। बता दें कि पीएम मोदी इजराइल की संसद 'नेसेट' को संबोधित करेंगे और ऐसा गौरव प्राप्त करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
गले लगाकर किया स्वागत
नेतन्याहू ने न सिर्फ प्रोटोकॉल तोड़कर पीएम मोदी का स्वागत किया, बल्कि उनको गले भी लगाया। यह दोनों नेताओं के बीच की गहरी दोस्ती को दर्शाता है। इजरायल रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत और इजराइल एक मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि और प्रगति देखी गई है तथा वह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ अपनी मुलाकात को लेकर आशान्वित हैं।

पीएम मोदी को मिला गार्ड ऑफ ऑनर (फोटो साभार: @MEAIndia)
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा उनके 'प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू' के निमंत्रण पर हो रही है। उन्होंने कहा, ''मैं प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली बातचीत को लेकर आशान्वित हूं जिनका उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश के साथ लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और मजबूत करना है।'' इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।
PM मोदी की ऐतिहासिक इजरायल यात्रा
पीएम मोदी के दौरे को इजराइली मीडिया ने द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक क्षण और 'रणनीतिक संबंधों को पुनर्व्यवस्थित करने' वाला बताया है। इजराइली समाचार पत्रों ने मोदी की यात्रा से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी है और इसे देश के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर एक मित्र की महत्वपूर्ण यात्रा के रूप में वर्णित किया है।
