दुनिया

'भारत-UAE साथ मिलकर करेंगे काम, होर्मुज खुला रहना हमारी प्राथमिकता', अबू धाबी में बोले पीएम मोदी

PM Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पांच देशों की यात्रा की शुरुआत UAE से की है। इस दौरे में वह व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और निवेश जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

Image

ऊर्जा, व्यापार और निवेश पर होगी अहम चर्चा

Photo : PTI

PM Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के पहले चरण में UAE के अबू धाबी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। अबू धाबी पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और UAE एयर फोर्स के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट भी किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के लोगों के लिए सम्मान बताया। UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan) के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि जैसा UAE राष्ट्रपति ने कहा, वह अपने दूसरे घर आए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भावना उनके जीवन की बड़ी पूंजी है और भारत-UAE के मजबूत रिश्तों को दर्शाती है।

भारत और UAE के बीच पिछले कुछ वर्षों में संबंध लगातार मजबूत हुए-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में भारत में आई प्राकृतिक आपदा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि UAE राष्ट्रपति ने आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जिसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कठिन समय में UAE का समर्थन दोनों देशों की गहरी मित्रता को दिखाता है। भारत और UAE के बीच पिछले कुछ वर्षों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। होमुर्ज खुले ये हमारी प्राथमिकता है। हम UAE पर हमलों की निंदा करते हैं।भारत यूएई साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे। भारत UAE के साथ खड़ा है।

दोनों देश ऊर्जा, व्यापार, निवेश, तकनीक और सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिससे दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूती मिलेगी। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे। यह यात्रा 15 मई से 20 मई तक चलेगी। माना जा रहा है कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत के व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और निवेश संबंधों को और मजबूत बनाना है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की UAE यात्रा भारत के लिए कई बड़े समझौते और निवेश लेकर आई।
  • भारत और UAE के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी (Strategic Defence Partnership) को लेकर अहम समझौता हुआ।
  • दोनों देशों के बीच रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (Strategic Petroleum Reserves) पर MoU साइन किया गया।
  • भारत को लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की सप्लाई को लेकर भी समझौता हुआ।
  • गुजरात के वाडिनार में जहाज मरम्मत क्लस्टर (Ship Repair Cluster) स्थापित करने के लिए समझौता किया गया।
  • UAE की ओर से भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, RBL Bank और सम्मान राजधानी (Samman Capital) में 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश का ऐलान किया गया।
  • इस दौरे को भारत-UAE आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने पीएम का किया स्वागत

अबू धाबी (India UAE relations) में प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan) से हुई। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सहयोग, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत और UAE के बीच पिछले कुछ वर्षों में संबंध काफी मजबूत हुए हैं और दोनों देश कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर साथ काम कर रहे हैं।

भारतीय कारोबार और निर्यात के लिए काफी फायदेमंद

व्यापार संगठनों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारतीय कारोबार और निर्यात के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। खासकर इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल, टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी, टेक्सटाइल और डिजिटल व्यापार जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुल सकते हैं। UAE को भारत के लिए मध्य पूर्व और अफ्रीका के बाजारों का अहम प्रवेश द्वार माना जाता है।

डच नेताओं और शाही परिवार से भी होगी प्रधानमंत्री की मुलाकात

UAE के बाद प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड जाएंगे। वहां उनकी मुलाकात डच नेताओं और शाही परिवार से होगी। इस दौरान सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, जल प्रबंधन और रक्षा सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद वह स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करेंगे, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई तकनीक, हरित विकास और मजबूत सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर बातचीत होगी।

नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी तीसरे इंडिया-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के नेता भी मौजूद रहेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री इटली जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) से होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और यूरोप तथा खाड़ी देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती दे सकती है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article