इंदौर: तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। जीत के लिए 224 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम को भारतीय गेंदबाजों ने 7 विकेट पर 209 रन पर रोक दिया। अर्शदीप ने 4 ओवर में 44 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने कैरेबियाई कप्तान शाई होप को अपने स्पेल की चौथी गेंद पर चलता कर दिया। इसके बाद उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड और कीमो पॉल का शिकार किया। अर्शदीप को इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरी पारी में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले पेसर
अर्शदीप सिंह ने इंदौर में कैरेबियाई टीम के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करके अपने नाम टी20आई क्रिकेट का एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अर्शदीप सिंह के खाते में अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों की दूसरी पारी में कुल 84 विकेट दर्ज हो गए हैं। इसके साथ ही वो टी20आई मैचों की दूसरी पारी में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज टिम साउदी के नाम दर्ज था। साउदी ने T20I मैचों की दूसरी पारी में 82 चटकाए थे। शेरफेन रदरफोर्ड को आउट करके अर्शदीप ने साउदी को पीछे छोड़ा। इस सूची में तीसरे स्थान पर 72 विकेट के साथ जसप्रीत बुमराह हैं।
भारत के टी20आई में है सबसे सफल गेंदबाज
अर्शदीप सिंह के नाम अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज के रूप में दर्ज है। उन्होंने अबतक खेले 97 मैच की 94 पारी में 20.08 के औसत और 8.57 की इकोनॉमी के साथ144 विकेट चटकाए हैं। 51 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में उनके बाद दूसरे पायदान पर 126 विकेट के साथ जसप्रीत बुमराह और तीसरे पर 114 विकेट के साथ हार्दिक पांड्या हैं।
