Riyadh Attack: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय की मौत हो गई। इस घटनाक्रम के बाद रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पहले जारी की गई एडवाइजरी के अलावा भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
दूतावास के मुताबिक, सऊदी अरब में 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन 8002471234 के अलावा इन नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है। जिनमें +966-11-488469 और +966-536216082 (केवल व्हाट्सऐप संदेशों के लिए) शामिल है।
मिसाइल हमले में भारतीय की मौत
रियाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत हो गई और 10 अन्य भारतीय घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कीं और कहा कि हम परिवार के संपर्क में हैं और पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।
दूतावास ने अन्य पोस्ट में कहा कि वह रियाद एयरपोर्ट पर हुए इस "कायरतापूर्ण हमले" के मामले पर लगातार नजर रख रहा है और घायलों का हाल जानने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। भारत ने रविवार को इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि खाड़ी देश में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम पिछले कुछ दिन में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बार-बार किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 10 अक्टूबर को किया गया कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है, जिसमें लोगों की जान गई, कई लोग घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सऊदी के किंग खालिद एयरपोर्ट पर फिर हुआ हमला, कल के अटैक में एक भारतीय की भी मौत, जयशंकर ने जताया दुख
'सतर्क एवं सावधान रहें भारतीय'
दूतावास की 8 अक्टूबर को जारी हुई एडवाइजरी में कहा गया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए, सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क एवं सावधान रहने, आवश्यकता के अनुसार घर के अंदर रहने तथा स्थानीय अधिकारियों द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
हेल्पलाइन नंबर
एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को कड़ी सलाह दी गई कि वे इन घटनाओं से संबंधित किसी भी वीडियो या समाचार को प्रसारित करने या पुन: साझा करने से बचें। एडवाइजरी में आगे कहा गया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास तथा जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और वीएफएस के माध्यम से प्रदान की जा रही आउटसोर्स सेवाएं सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर दूतावास और वाणिज्य दूतावास समय-समय पर आवश्यक अपडेट और परामर्श जारी करेंगे। एडवाइजरी में हेल्पलाइन नंबर और सोशल मीडिया हैंडल्स भी जारी किए गए हैं। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र (PBSK) की 24x7 हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 8002471234 पर उपलब्ध है।
