खिलाड़ी जीते या हारे पीएम नरेंद्र मोदी उनका हौसला बढ़ाने से नहीं चूकते। उन्होंने खिलाड़ियों से मिल कर उनका सत्कार करने की जो परंपरा शुरू की थी, उसी के तहत अब वह 15 अक्टूबर को एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मिलेंगे। इस दौरान मेंस और विमेंस की क्रिकेट टीम भी मौजूद रहेगी जिन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। पीएम मोदी की खिलाड़ियों से यह मुलाकात शाम 4.30 बजे से होगी। मेंस टीम ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में जबकि विमेंस टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में गोल्ड मेडल जीता था। फिलहाल मेंस टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज खेल रही है जबकि विमेंस टीम 16 अक्टूबर से जिम्बाब्वे के खिलाफ उतरेगी।
आइची नागोया में भारत ने जीते थे 85 मेडल
जापान के आइची नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल ने 21 स्वर्ण पदकों सहित कुल 85 पदक अपने नाम किए थे। भारत ने मेडल टैली में चौथे नंबर पर फिनिश किया था। भारत ने धीमी शुरुआत के बाद आखिरी दो दिनों में शानदार वापसी करते हुए आठवें स्थान से चौथे स्थान पर छलांग लगाई थी। आखिरी दो दिनों में भारत ने 11 गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे।
इन खेलों में रहा शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 की बात करें तो भारत ने तीरंदाजी, कुश्ती और मुक्केबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला हॉकी और क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीते। भारत ने सर्वाधिक 5 गोल्ड तीरंदाजी में, 3 बॉक्सिंग में और 2-2 क्रिकेट, हॉकी और कबड्डी में जीते थे।
2016 में शुरू हुई थी परंपरा
पीएम मोदी की खिलाड़ियों से मुलाकात का यह सिलसिला साल 2016 में शुरू हुआ था जब रियो ओलंपिक में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों से उन्होंने मुलाकात की थी। उसके बाद से लगातार उन्होंने एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों का सत्कार किया है। आखिरी बार उन्होंने भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम से मुलाकात की थी। पीएम मोदी ने नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी से मुलाकात की थी।
