ेIndia US Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन के मौके पर बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इस दौरान, दोनों नेताओं के बीच होर्मुज सहित कई अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान, पीएम मोदी ने ट्रंप का आभार जताते हुए कहा, ''पश्चिम एशिया में शांति के प्रयासों में प्रगति के लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं।''
'भारतीय नाविकों की सुरक्षा अहम'
ट्रंप के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने एक बात स्पष्ट कर दी कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा बेहद अहम है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि डील में नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा, ''हमने हमेशा कहा है कि नेविगेशन की आजादी सुनिश्चित होनी चाहिए और हमें इस पर जोर भी देना चाहिए। लाखों भारतीय नाविक दुनिया के अलग-अलग समुद्रों में समुद्री व्यापार के सेक्टर में काम कर रहे हैं। मेरा मानना है कि उनकी सुरक्षा बेहद अहम है... मुझे भरोसा है कि (ईरान के साथ) डील में नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और उसको प्राथमिकता मिलेगी। मैं एक बार फिर पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के आपके प्रयासों का अभिनंदन करता हूं।''
'हम कर रहे हैं ट्रेड डील'
ट्रंप ने कहा कि फ्रांस में हमारी कुछ शानदार बैठकें हुईं... यह जी7 है। हमारे पास जी2 आने वाला है और फिर हमारे पास जी20 आएगा... हमारी खासतौर पर, भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ कुछ अच्छी बातचीत हुई। हम ट्रेड डील कर रहे हैं... अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी चीजें हो रही हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'शांत, संयमित और जबरदस्त...', द्विपक्षीय वार्ता से पहले ट्रंप ने PM मोदी की जमकर की तारीफ
'मोदी लंबे समय से मेरे दोस्त'
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब तक का सबसे अच्छा काम कर रहा है। हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा आ रहे हैं और हम फैक्ट्रियां बना रहे हैं, हम सब कुछ बना रहे हैं। पीएम अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं। वह अमेरिका में बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं, लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त हैं और हमारे बीच हमेशा से बहुत अच्छे रिश्ते रहे हैं।
PM की मौजूदगी में ट्रंप ने किया बड़ा वादा
ट्रंप ने पीएम मोदी की मौजूदगी में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर पीएम मोदी के रहते भारत पर कोई हमला होता है, तो अमेरिका उसकी मदद के लिए साथ खड़ा रहेगा। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को बहुत सख्त वार्ताकार बताया और कहा कि भविष्य में वह भारत का दौरा करेंगे। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा, ''अगर कोई भारत पर हमला करता है, तो हम वहां मौजूद रहेंगे... अब, अगर कोई नया लीडर आता है, तो मुझे यकीन नहीं है...।''
