Pakistan Suicide Bomb Attack: पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने चीनी नागरिकों को निशाना बनाया है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हुए इस आत्मघाती हमले में 5 चीनी नागरिक मारे गए हैं। कहा जा रहा है कि ये चीनी नागरिक इंजीनियर थे, जो पाकिस्तान में चल रहे प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे।
पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में एक आत्मघाती हमलावर ने एक काफिले को निशाना बनाया और खुद को उड़ा लिया। इस हमले के दौरान हुए विस्फोट में पांच चीनी नागरिक मारे गए। शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमले में पांच चीनी नागरिक और उनके पाकिस्तानी ड्राइवर मारे गए। उन्होंने बताया कि काफिले में मौजूद बाकी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
चाइनीज कंपनियों में करते थे काम
रॉयटर्स ने अपने पुलिस सूत्र के हवाले से बताया कि काफिला दासू जलविद्युत परियोजना पर काम कर रही निर्माण फर्म चाइना गेझोउबा ग्रुप कंपनी (सीजीजीसी) के कर्मचारियों को ले जा रहा था। इस कंपनी के लोगों पर पहले भी हमले हो चुके हैं।
2021 में भी हुआ था हमला
दासू एक प्रमुख बांध का स्थल है और इस क्षेत्र पर पहले भी हमले हो चुके हैं। 2021 में एक बस में हुए विस्फोट में नौ चीनी नागरिकों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। उस समय, पाकिस्तान ने मारे गए चीनी श्रमिकों के परिवारों को लाखों का मुआवजा दिया। चीन ने हमले की जांच के लिए अपनी टीम भेजी.
