Shahzad Bhatti Terror Network: भारत के स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बेनकाब किए गए 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खुलासे के बाद पाकिस्तान बिफर उठा है। हर बार तरह इस मुद्दे से भी उसने पल्ला झाड़ते हुए भारत पर ही उंगली उठानी शुरू कर दी है। पाकिस्तान ने इसे निराधार बताते हुए कुतर्क देने शुरू कर दिए हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि भारत अपनी आंतरिक सुरक्षा विफलताओं और घरेलू चुनौतियों से ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान पर ऐसे आरोप लगा रहा है।
क्या था अमित शाह का बयान?
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से पहले भारत के 14 राज्यों में चलाए गए एक समन्वित अभियान में 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' के 200 से अधिक गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। अमित शाह के अनुसार, यह नेटवर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI द्वारा वित्तपोषित और संचालित है, जो भारत में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और हमलों की साजिश रच रहा था।
ऑपरेशन्स के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक, आईईडी (IED), ग्रेनेड (जिन पर 'पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्टरी' के मार्क हैं), पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए हैं।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने सोमवार देर रात एक बयान जारी कर भारत के दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत लगातार पाकिस्तान से जुड़े मनगढ़ंत आरोप लगाकर अपनी आंतरिक सुरक्षा समस्याओं से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान हटाने की कोशिश करता है।
क्या है 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' (SBN)?
भारतीय गृह मंत्रालय के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) पाकिस्तान में स्थित एक आतंकी सिंडिकेट है, जो भारत में ग्रेनेड हमलों, आईईडी/पेट्रोल बम धमाकों और लक्षित हत्याओं में शामिल रहा है। यह गिरोह भारत में स्थानीय गुर्गों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाता था।
NIA की जांच
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भट्टी से जुड़े कई प्रमुख मामलों की जांच कर रही है, जिसमें मार्च 2025 में पंजाब में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर पर हुआ ग्रेनेड हमला और उसी वर्ष हरियाणा के एक महिला पुलिस थाने में हुआ विस्फोट शामिल है। अप्रैल 2026 में एनआईए ने भट्टी को भगोड़ा घोषित करते हुए उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
