दुनिया

मुश्किल में शहबाज सरकार! किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ 'हल्ला बोल' की तैयारी, 18 अक्टूबर को देशव्यापी प्रदर्शन

Pakistan Farmers Protest: पाकिस्तान में किसान संगठनों ने शहबाज शरीफ सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। पाकिस्तान किसान राबिता कमेटी ने 'किसान विरोधी' नीतियों के खिलाफ 18 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

Image

पाकिस्तान में किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Pakistan Farmers Protest: पाकिस्तान में किसान संगठनों का शहबाज शरीफ की नीतियों के खिलाफ असंतोष बढ़ता जा रहा है। ऐसे में किसान संगठनों ने सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, किसान संगठनों ने 18 अक्टूबर को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया।

पाकिस्तान किसान राबिता कमेटी (PKRC) ने सरकार की 'किसान विरोधी' नीतियों के खिलाफ 18 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। PKRC में 36 किसान संगठन शामिल हैं।

क्या है किसानों की मांग?

समाचार एजेंसी एएनआई ने डॉन के हवाले से बताया कि किसान संगठनों ने सरकार से गेहूं का समर्थन मूल्य 5,000 पाकिस्तानी रुपये प्रति मन और गन्ने का समर्थन मूल्य 700 पाकिस्तानी रुपये प्रति 40 किलोग्राम तय करने की मांग की है। इन मांगों पर फैसला किसान संगठनों की बैठक में लिया गया, जिसमें पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और सिंध समेत विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

पीकेआरसी का कहना है कि किसानों को लगातार बढ़ती उत्पादन लागत और अनिश्चित बाजार कीमतों के बीच मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के अध्यक्ष तारिक महमूद ने कहा कि किसान बीज, खाद, कीटनाशक और डीजल पर भारी खर्च करते हैं, लेकिन फसल बाजार में पहुंचने के बाद उन्हें उचित कीमत मिलना मुश्किल हो जाता है।

कमेटी के महासचिव रिफत मकसूद ने भी मौजूदा नीतियों को लेकर कृषि क्षेत्र के भविष्य पर सवाल उठाया। वहीं, केंद्रीय नेता फारूक तारिक ने कहा कि किसानों से सलाह किए बिना कृषि संबंधी नीतियां बनाना देश की खाद्य सुरक्षा के लिए नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बुवाई शुरू होने से पहले ही फसलों के समर्थन मूल्य घोषित किए जाएं, ताकि किसान यह तय कर सकें कि खेती उनके लिए आर्थिक रूप से व्यवहार्य रहेगी या नहीं।

क्या किसानों से बातचीत करेगी सरकार?

पीकेआरसी के सूचना सचिव हसनैन जमील फरीदी ने किसानों की कई मांगें सरकार के सामने रखीं और 18 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले बातचीत शुरू करने की अपील की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article