Pak delegation meets Russian FM Lavrov- ऑपरेशन सिंदूर में भारत के हाथों बुरी तरह पिटने के बाद अब पाकिस्तान भारत के सबसे करीबी दोस्त के पास पहुंच गया है। मंगलवार को मॉस्को में पाकिस्तान के एक प्रतिनिधिमंडल ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक पत्र सौंपा। प्रधानमंत्री के विशेष सहायक सैयद तारिक फातमी ने भी लावरोव को दक्षिण एशिया में हाल के घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी।
पुतिन के लिए शहबाज शरीफ का पत्र सौंपा
उनकी यात्रा डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के बेहद सफल दौरे के कुछ दिनों बाद हुई, जिन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद के बारे में जागरूकता फैलाई और आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति के लिए ठोस रूसी समर्थन हासिल किया। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने मॉस्को में पाकिस्तानी दूतावास के हवाले से कहा, विशेष सहायक ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को संबोधित प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक पत्र सौंपा।
रूस ने कहा- भारत-पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत की जरूरत
रूसी विदेश मंत्रालय के हवाले से समाचार एजेंसी ने बताया कि लावरोव ने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास बनाने के लिए पाकिस्तान और भारत के बीच सीधी बातचीत की जरूरत है। फातमी ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं भी दीं और ऊर्जा, परिवहन संपर्क, व्यापार और अन्य क्षेत्रों सहित कई मुद्दों पर रूस के साथ द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की अपने देश की इच्छा भी जताई। पाकिस्तान ने पिछले महीने भारत के साथ चार दिवसीय संघर्ष के बारे में दुनिया को जानकारी देने और संघर्ष के बारे में अपना दृष्टिकोण उजागर करने के लिए विदेशी राजधानियों में विशेषज्ञों की एक टीम भेजने की घोषणा की थी।
भारत ने सिखाया पाकिस्तान को सबक
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था और भारत ने 7 मई की सुबह पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचे पर सटीक हमले किए। पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। लेकन भारत पाकिस्तानी कार्रवाई का भरपूर जवाब देते हुए उसके कई एयरबेस तबाह कर दिए थे। 10 मई को दोनों पक्षों के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों के बीच बातचीत के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने की सहमति के साथ सीजफायर लागू हो गया था।
