दुनिया

ओमान तट के पास तेल टैंकर पर ईरान का हमला, 15 भारतीय चपेट में; सभी क्रू सुरक्षित निकाले गए

ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया कि ‘स्कायलाइट’ नाम वाला पलाऊ के झंडे वाला तेल टैंकर खसाब बंदरगाह से करीब पांच नॉटिकल मील उत्तर में समुद्र में था,तभी उस पर हमला हुआ। इसके तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

Image

ओमान तट पर तेल टैंकर पर ईरान का हमला।

Photo : iStock

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के पास ईरान ने एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है। वहीं, इस टैंकर में सवार 20 चालक दल के सदस्यों में 15 भारतीय शामिल थे। ओमानी अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस हमले में चार लोग घायल हुए हैं,हालांकि सभी क्रू मेंबर को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया कि ‘स्कायलाइट’ नाम वाला पलाऊ के झंडे वाला तेल टैंकर खसाब बंदरगाह से करीब पांच नॉटिकल मील उत्तर में समुद्र में था,तभी उस पर हमला हुआ। इसके तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि हमले के वक्त जहाज पर कुल 20 लोग सवार थे,जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे। घायल चार सदस्यों को प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। विदेश मंत्रालय पहले ही पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम को लेकर चिंता जता चुका है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील कर चुका है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है,जिससे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात और संवेदनशील हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास के समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर असर डाल सकती हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article