दुनिया

अमेरिका के ओहायो में हिंदू मंदिर पर हमला, ईंटें फेंककर की तोड़फोड़, HAF ने जताई हेट क्राइम की आशंका

अमेरिका के ओहायो के रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर पर हमले का मामला सामने आया है। हमलावरों ने मंदिर पर ईंटें फेंकीं, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की जानकारी FBI व सिविल राइट्स अधिकारियों को दी जा रही है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे संभावित हेट क्राइम मानकर हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Image

Ohio Hindu Temple Attack: मंदिर पर फेंकी गईं ईंटें, हेट क्राइम की जांच की मांग।

अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने ईंटें फेंकीं। घटना में मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक, हमला स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। घटना के दौरान हमलावरों ने मंदिर की ओर कई ईंटें फेंकीं, जिससे मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा। घटना का CCTV फुटेज भी उपलब्ध बताया जा रहा है और अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं।

मामले की जानकारी FBI और सिविल राइट्स अधिकारियों को दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल अधिकारी CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) मंदिर के नेतृत्व के संपर्क में है और संगठन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने जताई संभावित हेट क्राइम की आशंका

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने घटना को संभावित हेट क्राइम के तौर पर जांचे जाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका में हिंदू अमेरिकी समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर नफरत और कटुता में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। संगठन ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से हमलावरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने को प्राथमिकता देने की अपील की है। हालांकि, अभी यह आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि हमला धार्मिक घृणा से प्रेरित था। इसकी वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नेताओं से नफरत भरी बयानबाजी की निंदा करने की अपील

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने अमेरिका के निर्वाचित नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू अमेरिकी समुदायों के खिलाफ किसी भी तरह की नफरत भरी बयानबाजी की स्पष्ट और बिना शर्त निंदा करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि मंदिर को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article