दुनिया

'ताकत के दम पर यथास्थिति बदलने की कोशिश बर्दाश्त नहीं', Quad देशों ने संयुक्त बयान जारी कर चीन को दिया कड़ा संदेश!

मनीला में हुई Quad समिट के बाद चारों देशों के नेताओं की बैठक के बाद संयुक्त बयान जारी हुआ है। इसमें सीमा पार आतंकवाद की निंदा की गई है। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और साइबर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई है।

Image

क्वाड देशों ने जारी किया संयुक्त बयान।

फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को क्वाड (Quad) देशों के नेताओं की शिखर बैठक हुई। इस बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप,ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद चारों देशों ने संयुक्त बयान जारी किया है। इसमें चारों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान क्वाड नेताओं ने ताकत या दबाव के जरिए मौजूदा स्थिति को एकतरफा बदलने की कोशिशों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई क्षेत्रीय तनाव बढ़ाती है और शांति एवं स्थिरता को कमजोर करती है।

संयुक्त बयान में आर्थिक दबाव बनाने और मनमाने निर्यात प्रतिबंधों को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। चारों देशों ने महत्वपूर्ण सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाने, समुद्री और हवाई मार्गों की स्वतंत्रता बनाए रखने तथा भविष्य की तकनीकों में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। बयान में भरोसेमंद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास और इस्तेमाल को भी सहयोग का अहम क्षेत्र बताया गया।

2027 में होगा पहला क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम

चारों देशों ने 2027 की शुरुआत में पहले क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम के आयोजन की घोषणा की। इसमें चारों देशों के कारोबारी प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी और नीति विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य निजी क्षेत्र के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नए कारोबारी समझौतों एवं साझेदारियों को बढ़ावा देना है।

नेताओं ने अटलांटा में विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान घोषित AI एक्सेलेरेटर के महत्व को भी दोहराया। इसके तहत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों को भरोसेमंद AI तकनीक उपलब्ध कराने, उसके इस्तेमाल और तकनीकी सहायता के लिए सहयोग किया जाएगा।

समुद्री निगरानी के लिए साथ उड़ान भरेंगे P-8 और P-3C विमान

क्वाड देशों ने हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी सहयोग की नई पहल का स्वागत किया। इसका उद्देश्य समुद्री गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करना और समुद्री क्षेत्र की निगरानी क्षमता को मजबूत करना है। 2027 में पहली बार क्वाड के तहत भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के P-8 और P-3C समुद्री गश्ती विमान एक संयुक्त समुद्री अभ्यास में हिस्सा लेंगे। इसका मकसद समुद्री मार्गों को अधिक सुरक्षित बनाना और क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करना है।

साइबर हमलों और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे

चारों देशों ने क्षेत्र में साइबर हमलों की बढ़ती संख्या और उनके बड़े होते दायरे पर चिंता जताई। इसके जवाब में क्वाड साइबर सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की घोषणा की गई। इसके तहत सुरक्षित और खुले साइबर स्पेस के लिए मिलकर काम किया जाएगा।

इसके अलावा, नेताओं ने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी रूपों की स्पष्ट शब्दों में निंदा की। संयुक्त बयान में सीमा पार आतंकवाद को भी शामिल करते हुए आतंकवाद के खिलाफ क्वाड के मौजूदा सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

समुद्री और ऊर्जा कनेक्टिविटी पर भी जोर

इसके साथ ही क्वाड नेताओं ने केबल कनेक्टिविटी और उसकी सुरक्षा से जुड़ी साझेदारी में हुई प्रगति का स्वागत किया। इसके तहत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित संचार नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने इस साझेदारी में बिजली केबल पर भी अपना योगदान बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा और कनेक्टिविटी मजबूत हो सकेगी।

हिंद महासागर में प्रस्तावित अंडरसी केबल परियोजनाओं का भी स्वागत किया गया। अंत में चारों नेताओं ने आसियान (ASEAN) की केंद्रीय भूमिका और एकता के प्रति अपना समर्थन दोहराते हुए स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article