प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेंद्र शाह ने मंगलवार को नेपाल-भारत के ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत और उन्हें अधिक परिणामोन्मुखी बनाने का विश्वास व्यक्त किया। रैपर से नेता बने 35 वर्षीय बालेंद्र शाह नेपाल के पहले मधेसी और सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ये बातें कही और पार्टी की चुनावी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुभकामनाओं के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने पोस्ट में कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।'
शाह ने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में हम नेपाल और भारत के बीच ऐतिहासिक, घनिष्ठ और बहुआयामी संबंधों को अधिक मजबूत, गहरा व परिणामोन्मुखी बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।'
नेपाल में संसदीय चुनावों में प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के तहत मतगणना मंगलवार को पूरी होने के साथ ही राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने 165 में से 125 सीटें जीत ली हैं, जिससे वह बहुमत की सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है।पार्टी ने आनुपातिक मतदान प्रणाली के तहत 49,74,957 वोट हासिल किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को आरएसपी प्रमुख रवि लामिछाने और बालेंद्र शाह को उनकी चुनावी जीत पर बधाई देते हुए दोनों देशों की पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और कल्याण के लिए उनके साथ काम करने की भारत की प्रतिबद्धता जताई।
नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीट
शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भारत सरकार और भारतीय जनता को भारतीय क्रिकेट टीम के लगातार दो बार विश्व कप खिताब जीतने पर बधाई दी। भारत ने रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 विश्व कप जीता और तीन बार खिताब अपने नाम करने वाली पहली टीम बन गई। नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीट हैं।
नेपाल चुनाव में RSP की शानदार सफलता के लिए बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के चेयरमैन रबी लामिछाने और बालेंद्र शाह से बात की, जो अगली सरकार का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, PM मोदी ने कहा कि उन्होंने दोनों नेताओं को उनकी चुनावी जीत और नेपाल चुनाव में RSP की शानदार सफलता के लिए बधाई दी।
