दुनिया

आपदाग्रस्त नेपाल को फिर सताने लगा 'कुदरत' के कहर का खौफ, भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट

Nepal Flash Flood Alert: नेपाल के कई हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश हुई जिसके बाद अधिकारियों ने पश्चिमी जिलों की नदियों में जलस्तर बढ़ने और अचानक बाढ़ आने की आशंका के मद्देनजर चेतावनी जारी की।

Image

आपदाग्रस्त नेपाल (फाइल फोटो)

Photo : AP

Nepal Flash Flood Alert: नेपाल के लिए पिछला एक महीना भारी रहा। लगातार हो रही बारिश की वजह से अचानक आने वाली बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा एक बार फिर मंडराने लगा और वहां की जनता त्राहिमाम कर रही है।

फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नेपाल के कई हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश हुई जिसके बाद अधिकारियों ने पश्चिमी जिलों की नदियों में जलस्तर बढ़ने और अचानक बाढ़ आने की आशंका के मद्देनजर चेतावनी जारी की।

जल विज्ञान एवं मौसम विज्ञान विभाग की बाढ़ पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अर्घाखांची जिले के सिमलपानी जल मापन केंद्र पर तीन घंटे में 84.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने क्षेत्र और आसपास की छोटी नदियों में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी।

कहां-कहां सता रहा बाढ़ का डर?

विभाग ने बांके और बर्दिया जिलों के कई स्थानों पर भी तीन घंटे में मध्यम से भारी बारिश दर्ज होने की जानकारी दी और छोटी नदियों में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका जताई। जारी की गई एक अन्य चेतावनी के अनुसार दार्चुला, बैतड़ी, बाजहांग, डोटी, डडेलधुरा, बांके, बर्दिया, कैलाली और कंचनपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है।

नेपाल के लिए 48 घंटे भारी

मौसम विभाग ने शुक्रवार तक आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और रुक-रुककर बारिश की संभावना जताई है। शनिवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है। नेपाल पहले की बाढ़ और भूस्खलन के प्रभावों से भी जूझ रहा है।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 24 से 27 सितंबर के बीच भारी बारिश से देश में 542 आपदा घटनाएं हुईं, जिनमें 304 भूस्खलन, 87 बाढ़ और 151 भारी बारिश से संबंधित घटनाएं शामिल थीं।

इन घटनाओं में 27 लोगों की मौत हुई, चार लापता हुए और आठ घायल हुए। 1,082 परिवार प्रभावित हुए, जबकि 227 मकान पूरी तरह और 142 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। 31 पुलों को भी नुकसान पहुंचा। नौ लाख 80 हजार से अधिक लोगों को बाढ़ की चेतावनी के संदेश भेजे गए और करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

अभी भी 5,000 लोग लापता

ये घटनाएं करीब एक महीने पहले मध्य और उत्तरी नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हुई हैं, जिसमें 1,500 से अधिक लोगों की मौत हुई और करीब 5,000 लोग लापता हुए थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article