दुनिया

म्यांमार में बौद्ध मठ पर सेना की एयरस्ट्राइक, मेडिटेशन रिट्रीट में शामिल 14 लोगों की मौत; 20 घायल

म्यांमार के सागाइंग क्षेत्र में एक बौद्ध मठ पर सैन्य हवाई हमले में 14 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हुए। हमला म्यांग टाउनशिप के स्वेल ले ओह गांव में हुआ। मठ में लोग एक सप्ताह के ध्यान साधना कार्यक्रम में शामिल थे। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

Image

म्यांमार में बौद्ध मठ पर सेना की एयरस्ट्राइक

म्यांमार के मध्य सागाइंग क्षेत्र में शुक्रवार को एक बौद्ध मठ पर सैन्य हवाई हमले में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। विपक्षी समूह और स्थानीय निवासी ने हमले की पुष्टि की है। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। यह हमला म्यांग टाउनशिप के स्वेल ले ओह गांव में हुआ, जो मांडले से करीब 75 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। सिविल डिफेंस एंड सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशन ऑफ म्यांग टाउनशिप (CDSOM) के प्रवक्ता न्वे ऊ के मुताबिक, एक लड़ाकू विमान ने मठ परिसर में बम गिराया, जहां लोग एक सप्ताह के ध्यान साधना कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि लड़ाकू विमान ने करीब 15 मिनट के अंतराल पर दो बम गिराए। दूसरा बम मठ के पास स्थित एक मकान पर गिरा। उस समय मठ परिसर में 100 से अधिक लोग बौद्ध लेंट के दौरान आयोजित सप्ताहभर के रिट्रीट में शामिल थे। हमले में मारे गए लोगों में स्थानीय निवासी की सास भी शामिल थीं। शवों का अंतिम संस्कार करने के बाद कई लोग वहां से सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।

बर्मी भाषा सेवा ने दी जानकारी

BBC की बर्मी भाषा सेवा और म्यांमार के कुछ मीडिया संस्थानों ने भी हमले की जानकारी दी है। हालांकि, अलग-अलग रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 10 से 14 के बीच बताई गई है। म्यांमार की सेना ने फिलहाल हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सेना पहले ऐसे हमलों को युद्ध के वैध लक्ष्यों के खिलाफ कार्रवाई बताते हुए विपक्षी सशस्त्र समूहों को आतंकवादी करार देती रही है।

म्यांमार में फरवरी 2021 में सेना द्वारा निर्वाचित सरकार को सत्ता से हटाए जाने के बाद से गृहयुद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। सैन्य शासन के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने हथियार उठा लिए, जिसके बाद देश के कई हिस्सों में संघर्ष जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article