दुनिया

Morocco Earthquake: मोरक्को में भूकंप से मची तबाही, 632 की मौत, सैकड़ों मलबे में दबे, 6.8 तीव्रता से हिली धरती

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Sep 9, 2023, 01:12 PM IST

Morocco Earthquake:मोरक्को में 6.8 तीव्रता के जोरदार भूकंप के बाद लोग घबराकर अपने-अपने घर छोड़कर भाग गए। भूकंप के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और बिजली कट गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि रात 11 बजकर 11 मिनट पर आए भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.8 थी।

Image

मोरक्को में भूकंप से मची तबाही (फोटो- वीडियो स्क्रीनशॉट @Muhamma48493081 & @Mladen51273747)

Morocco Earthquake: मोरक्को में भूकंप ने जबरदस्त तबाही मचाई है। अफ्रिकी देश मोरक्को में शुक्रवार रात जोरदार भूकंप आया, जिसमें 632 की मौत हो गई है। साथ ही सैकड़ों लोग मलबे में दबे हुए हैं। इस भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई जा रही है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

घर छोड़कर भागे लोग

मोरक्को में 6.8 तीव्रता के जोरदार भूकंप के बाद लोग घबराकर अपने-अपने घर छोड़कर भाग गए। भूकंप के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और बिजली कट गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि रात 11 बजकर 11 मिनट पर आए भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.8 थी। इसके बाद भूकंप बाद के झटके कई सेकंड तक जारी रहे। मोरक्को के राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी एवं चेतावनी नेटवर्क ने रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता सात मापी। अमेरिकी एजेंसी ने 19 मिनट बाद 4.9 तीव्रता का भूकंप के बाद का झटका आने की सूचना दी।

वीडियो भी आया है सामने

मोरक्को के भूकंप के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए हैं, इन वीडियो में दिख रहा है कि कैस कुछ इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं और ऐतिहासिक लाल दीवारों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। वीडियो में लोग भागते दिख रहे हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

पीएम मोदी ने मोरक्को में आए भूकंप पर दुख जताया है। उन्होंने कहा- "मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।"

सबसे तेज भूकंप

यह मोरक्को में आया अब तक का सबसे अधिक तीव्रता वाला भूकंप है। उत्तरी अफ्रीका के इस देश में भूकंप अपेक्षाकृत कम आते हैं, लेकिन 1960 में अगादिर के पास 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके कारण हजारों लोगों की मौत हो गई थी। पुर्तगीज इंस्टीट्यूट फॉर सी एंड एटमॉस्फियर और अल्जीरिया की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, भूकंप के झटके पुर्तगाल और अल्जीरिया तक महसूस किए गए।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article