Russia Ukraine War: यूक्रेन के कीव क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लोग घायल हो गए। यूक्रेन की राजधानी के लिए स्थानीय प्रशासन के प्रमुख मिकोला कलाशिंक ने शनिवार को बताया कि तीन घायलों की हालत गंभीर है, जिनमें से दो की सर्जरी की जा रही है।
जेलेंस्की ने लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि चार जिलों में बीती रात हुए इन हमलों में रिहाइशी इमारतों, शैक्षिक संस्थानों, उद्योग प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों का मुख्य निशाना कीव क्षेत्र का ऊर्जा ढांचा था। उन्होंने कहा कि रूस ने विभिन्न प्रकार से 430 ड्रोन और 68 मिसाइल दागीं।
कुछ दिन पहले अमेरिका ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का हवाला देते हुए इस सप्ताह रूस और यूक्रेन के बीच होने वाली शांति वार्ता स्थगित कर दी थी।
रूस को हो सकता है फायदा
रिपोर्टों के मुताबिक, जब अमेरिका और इजरायल ईरान पर हमले कर रहे हैं, तब रूस ने अपने सहयोगी ईरान के समर्थन में सिर्फ बयान दिए हैं, लेकिन कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे रूस के प्रभाव की सीमाएं भी सामने आई हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि रूस को इस स्थिति से कुछ फायदे भी मिल सकते हैं।
मध्य पूर्व में युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे रूस को आर्थिक लाभ हो सकता है। साथ ही यह भी संभावना है कि इस युद्ध के कारण दुनिया का ध्यान यूक्रेन से हट जाए और पश्चिमी देशों के हथियार भंडार भी कम हो जाएं।
जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से अपील की कि वह एयर डिफेंस मिसाइलों के उत्पादन पर 100 फीसदी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि रूस मध्य पूर्व के युद्ध का फायदा उठाकर यूरोप और यूक्रेन में और ज्यादा तबाही मचाने की कोशिश कर सकता है।
