दुनिया

थाईलैंड-श्रीलंका के बाद मलेशिया ने भी भारतीयों के लिए खोले दरवाजे, मिलेगी 30 दिनों की फ्री-वीजा एंट्री

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 27, 2023, 04:10 PM IST

Malaysia Free visa for Indian: मलेशिया के प्रधानमंत्री ने कहा, मलेशिया आने वाले सभी पर्यटकों और आगंतुकों की प्रारंभिक जांच की जाएगी। सुरक्षा एक अलग मामला है। यदि किसी व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड हैं या किसी से आतंकवाद का खतरा है तो उसे प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Image

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम

Photo : Twitter

Malaysia Free visa for Indian: थाईलैंड और श्रीलंका के बाद अब मलेशिया ने भी भारतीयों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने एक दिसंबर से भारतीय एवं चीनी नागरिकों को 30 दिन का वीजा मुक्त प्रवेश दिए जाने की घोषणा की है। इससे पहले पिछले सप्ताह थाईलैंड और श्रीलंका ने भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीयों की वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया था।

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि वर्तमान में खाड़ी देशों और तुर्किये व जॉर्डन सहित अन्य पश्चिम एशियाई देशों को यह सुविधा प्राप्त है। अब यह सुविधा भारत और चीन को भी दी जाएगी। मलेशिया देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी बरनामा के अनुसार, इब्राहिम ने साथ ही कहा कि वीजा छूट के दौरान कड़ी सुरक्षा जांच की जाएगी।

आपराधिक रिकॉर्ड वालों को नहीं मिलेगी एंट्री

मलेशिया के प्रधानमंत्री ने कहा, मलेशिया आने वाले सभी पर्यटकों और आगंतुकों की प्रारंभिक जांच की जाएगी। सुरक्षा एक अलग मामला है। यदि किसी व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड हैं या किसी से आतंकवाद का खतरा है तो उसे प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, यह सुरक्षा बलों और आव्रजन के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस समय आठ आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों का संगठन) देशों को सामाजिक यात्राओं, पर्यटन और व्यापार के उद्देश्य से मलेशिया में 30-दिवसीय वीजा-मुक्त प्रवेश दिया जा रहा है।

मलेशिया में भारतीय पर्यटकों की तादात ज्यादा

मलेशिया में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या के मामले में भारत शीर्ष देशों में शामिल है। मलेशिया टूरिज्म प्रमोशन बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, 2022 में मलेशिया में कुल 3,24,548 भारतीय पर्यटक आए। उसने बताया कि 2023 की पहली तिमाही में मलेशिया में 1,64,566 भारतीय पर्यटक आए, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 13,370 पर्यटक आए थे। श्रीलंका ने भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश पहल शुरू की है, जो 31 मार्च 2024 तक लागू करेगी। थाईलैंड ने भी भारत एवं ताइवान के लोगों को यह छूट दी है, जो 10 मई, 2024 तक जारी रहेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article