BRICS Forum: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 3-5 जून को ब्राजील के ब्रासीलिया में आयोजित होने वाले 11 वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल (IPD) का नेतृत्व करेंगे। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई है। प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसद सदस्य सुरेन्द्र सिंह नागर, संसद सदस्य विजय बघेल, संसद सदस्य विवेक ठाकुर, संसद सदस्य शबरी बायरेड्डी, लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह और राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी शामिल होंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, 11 वें ब्रिक्स संसदीय फोरम का समग्र विषय 'अधिक समावेशी और टिकाऊ वैश्विक शासन के निर्माण में ब्रिक्स संसदों की भूमिका' है।
ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात, इथियोपिया, इंडोनेशिया और ईरान) और आमंत्रित देशों - बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, क्यूबा, नाइजीरिया, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा और उजबेकिस्तान के पीठासीन अधिकारी और संसद सदस्य - साथ ही अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की अध्यक्ष महामहिम तुलिया एक्सन भी फोरम की बैठकों में भाग लेंगे।
ब्रिक्स संसदों की बैठक को संबोधित करेंगे ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष 'जिम्मेदार और समावेशी कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए अंतर- संसदीय सहयोग' और 'बहुपक्षीय शांति और सुरक्षा ढांचे के सुधार के लिए ब्रिक्स संसदों की एकजुटता' पर मंचों को संबोधित करेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल पूर्ण अधिवेशन के दौरान उप-विषयों पर कार्यवाही में भी भाग लेगा, जिनमें 'आर्थिक विकास के लिए नए रास्तों की तलाश में ब्रिक्स संसदीय कार्रवाई'; 'मजबूत और अधिक टिकाऊ ब्रिक्स अंतर- संसदीय सहयोग की दिशा में'; 'वैश्विक स्वास्थ्य के लिए ब्रिक्स अंतर- संसदीय गठबंधन'; 'जलवायु और स्थिरता पर ब्रिक्स अंतर- संसदीय वार्ता' शामिल हैं। शिखर सम्मेलन के अंत में एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया जाएगा। इस फोरम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष भाग लेने वाली संसदों के पीठासीन अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं।
