दुनिया

मिडिल ईस्ट में जंग के बीच जयशंकर का यूरोप दौरा, EU नेताओं संग कई मुद्दों पर मंथन; उर्सुला वॉन डेर लेयेन से भी मिले

विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर व्यापार, निवेश और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में FTA, रक्षा साझेदारी और पश्चिम एशिया व यूक्रेन जैसे अंतरराष्ट्रीय संकटों पर भी विचार हुआ।

Image

जयशंकर और उर्सुला वॉन डेर लेयेन। (फोटो- @DrSJaishankar)

विदेश मंत्री एस.जयशंकर इस समय यूरोप दौरे पर हैं। यहां उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ (EU) संबंधों को एक नई गति देते हुए ब्रसेल्स में उन्होंने यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं और कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान उनके बीच व्यापार,निवेश और वैश्विक सुरक्षा समेत मध्य पूर्व के घटनाक्रम पर विशेष रूप से व्यापक चर्चा की।

दो दिवसीय दौरे पर ब्रसेल्स पहुंचे जयशंकर

जयशंकर दो दिवसीय दौरे पर ब्रसेल्स पहुंचे, जहां उन्होंने EU की विदेश मामलों की परिषद (Foreign Affairs Council) की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक के लिए उन्हें यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने आमंत्रित किया था।

बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि 2026 भारत-EU संबंधों के लिए एक नया अध्याय लेकर आया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने हाल में हुए समझौतों को ज़मीन पर उतारने और उन्हें ठोस परिणामों में बदलने के रास्तों पर चर्चा की।

किन मुद्दों पर हुई बातचीत

जयशंकर के मुताबिक वार्ता के दौरान खास तौर पर व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग, लोगों की आवाजाही, रक्षा और सुरक्षा सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से विचार किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यह बातचीत एक ऐसे बहुध्रुवीय विश्व की झलक दिखाती है,जहां भारत और यूरोपीय संघ कई वैश्विक मुद्दों पर समान दृष्टिकोण साझा कर रहे हैं। बैठक में केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि कई बड़े अंतरराष्ट्रीय संकटों पर भी चर्चा हुई। इनमें पश्चिम एशिया का तनाव, यूक्रेन युद्ध की स्थिति, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल रहे।

EU प्रमुख से भी मुलाकात

अपने दौरे के दौरान जयशंकर ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जनवरी में लेयेन का भारत दौरा दोनों पक्षों के रिश्तों में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ था और अब उन समझौतों को तेजी से लागू किया जा रहा है। उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि भारत और यूरोपीय संघ अब हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और सुरक्षा-रक्षा साझेदारी को प्रभावी रूप से लागू करने पर ध्यान दे रहे हैं, ताकि दोनों क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

कई देशों के विदेश मंत्रियों से द्विपक्षीय वार्ता

जयशंकर ने इस दौरान, जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल, स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार, यूनान के विदेश मंत्री जियोर्गोस जेरापेट्रिटिस से भी अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन चर्चाओं में रक्षा सहयोग, विनिर्माण, अंतरिक्ष, कनेक्टिविटी और व्यापार को बढ़ावा देने के रास्तों पर विचार किया गया।

बता दें कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों के बीच कुल वस्तु व्यापार लगभग 136 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इसमें भारत का निर्यात करीब 76 अरब डॉलर और आयात लगभग 60 अरब डॉलर रहा।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article