पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच इजरायल में एक भारतीय नागरिक राजीव आचार्य की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पुष्टि की है कि स्थानीय इजरायली प्राधिकारियों ने इस संबंध में एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
दूतावास ने जताया दुख, जांच पर पैनी नजर
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक आधिकारिक पोस्ट शेयर करते हुए घटना की जानकारी दी। दूतावास ने लिखा कि "इजरायल में भारतीय नागरिक श्री राजीव आचार्य की दुखद मौत पर भारतीय दूतावास गहरा शोक व्यक्त करता है। दूतावास इजरायली प्राधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है। अधिकारियों ने सूचित किया है कि एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना के सही तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।"
दूतावास ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही, मिशन इस मामले की जांच की लगातार निगरानी करेगा और संबंधित इजरायली अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखेगा। हालांकि, दूतावास ने मौत के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
भारत-इजरायल द्विपक्षीय संबंधों में मजबूती जारी
यह घटना ऐसे समय में आई है जब भारत और इजरायल के बीच कूटनीतिक और रणनीतिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। हाल ही में दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच द्विपक्षीय सहयोग को लेकर अहम चर्चाएं हुई हैं। हाल ही में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत का जिक्र करते हुए दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की बात कही थी। पीएम मोदी ने 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' को गहरा करने और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचार-विमर्श किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि यह फोन कॉल इजरायल की ओर से किया गया था, जिसमें दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा हुई थी। आर्थिक संबंधों को नई गति देने के लिए भारत और इजरायल ने प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के दूसरे दौर की वार्ता भी पूरी कर ली है, जिसका उद्देश्य एक संतुलित और व्यापक आर्थिक समझौते को अंतिम रूप देना है।
इजरायल स्थित भारतीय दूतावास लगातार वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए है और राजीव आचार्य के मामले में न्याय की दिशा में प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।
