Iran Pakistan Border: ईरान ने बुधवार को पाकिस्तानी सीमा से दाखिल हुई कई आतंकवादियों को मार गिराया है। ये घटना उस वक्त हुई जब अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान मध्यस्थता कराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इस घटना के बाद अब दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
रास्क बॉर्डर पर कई आतंकी ढेर
ईरान की तस्नीम न्यूज के मुताबिक, ईरानी सुरक्षाबलों ने रास्क बॉर्डर पर पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों को मार गिराया। बकौल रिपोर्ट, ईरानी सुरक्षाबलों ने जैश अल-जुल्म/जैश अल-अदल से जुड़े आतंकवादियों की एक टीम को तबाह कर दिया है। यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब आतंकी पाकिस्तान सीमा घुसपैठ कर रहे थे।
क्या है जैश-अल-अदल?
जैश-अल-अदल एक सुन्नी बलूच उग्रवादी संगठन है, जो मुख्य रूप से ईरान के सिस्तान-बालूचिस्तान प्रांत और ईरान-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में सक्रिय है।
होर्मुज में बढ़ा तनाव
ईरान और अमेरिका के साथ होर्मुज स्ट्रेट को लेकर विवाद गर्माता जा रहा है और पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कराने की कोशिश कर रहा है। दोनों के बीच पहले दौर की वार्ता इस्लामाबाद में विफल रही। हालांकि, पाकिस्तान ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी कि दोनों देश एक बार फिर इस्लामाबाद में एक साथ बैठकर स्थायी शांति स्थापित करें, लेकिन मंगलवार को ऐसा हो नहीं सका और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को अपनी इस्लामाबाद की यात्रा रद्द करनी पड़ी।
ऐसे मौके पर अमेरिका के साथ ईरान के संबंध अपने निचले स्तर पर पहुंच चुके हैं तब पाकिस्तानी सीमा से ईरान की जमीं पर आतंकवादी दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। गनीमत रही कि ईरानी सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और उन्हें सीमा के पास ही जमींदोज कर दिया। वेंस के साथ विशेष अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ तथा जेरेड कुशनर भी जाने वाले थे। हालांकि, व्हाइट हाउस को बाद में बताना पड़ा कि यात्रा को रद्द कर दिया गया है।
