दुनिया

साउथ पार्स के बाद इजरायल ने ईरान में तीन एयरपोर्ट को किया तबाह, हेलीकॉप्टरों को उड़ाया; आज खत्म हो रही है ट्रंप की डेडलाइन

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ प्रस्तावित 45 दिवसीय युद्धविराम एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन क्षेत्र में लड़ाई जारी रहने के कारण यह उनके लिए स्वीकार करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

Image

इजरायल ने ईरान में तीन हवाई अड्डों को किया तबाह।

Iran Israel War: होर्मुज खोलने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान को दी गई समय सीमा आज खत्म होने को है। उससे पहले ही इजरायल ने ईरान के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। असलूयेह स्थित साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमले के बाद अब इजरायल ने दावा किया है कि उसने ईरान के तीन हवाई अड्डों को निशाना बनाया है। उसके इस हमले में कई विमानों, हेलीकॉप्टरों और बड़े सैन्य ढ़ांचे को तबाह कर दिया है।

इन एयरपोर्ट को इजरायल ने बनाया निशाना

आईडीएफ ने दावा किया है कि उसने बहरान,मेहराबाद और आजमायेश एयरपोर्ट को निशाने पर लिया है। इससे पहले इजरायल ने ईरान के असलूयेह स्थित सबसे बड़े पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर एक शक्तिशाली हमला किया है। यह पेट्रोकेमिकल संयंत्र ईरान का लगभग 50 प्रतिशत पेट्रोकेमिकल उत्पादन करता है।ईरान का साउथ पार्स पेट्रोकेमिकल और गैस परिसर (Asaluyeh), असलूयेह दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस क्षेत्र है, जो ईरान और कतर के बीच साझा है। एपी ने ईरानी मीडिया के हवाले से दी गई खबर में कहा कि दक्षिण पार्स प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने दी है ईरान को पाषाण काल में पहुंचाने की धमकी

घरेलू दबाव के बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि समयसीमा के अंदर जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों और अन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाएगा और देश को "पाषाण काल" में पहुंचा देगा।

इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि मंगलवार पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा।अगर ईरान ने रास्ता नहीं खोला तो आप नर्क जैसी स्थिति में रहेंगे।

युद्ध विराम के लिए आया नया प्रस्ताव

युद्ध रोकने के प्रयास के तहत मध्यस्थ देशों मिस्र, पाकिस्तान और तुर्किये ने ईरान और अमेरिका को एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें 45 दिनों के युद्धविराम और होर्मुज जलडमरुध्य को फिर से खोलने की बात कही गई है, ताकि युद्ध समाप्त करने का रास्ता तलाशने के लिए समय मिल सके।

ईरान का युद्धविराम प्रस्ताव 'पर्याप्त नहीं'-ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ प्रस्तावित 45 दिवसीय युद्धविराम एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन क्षेत्र में लड़ाई जारी रहने के कारण यह उनके लिए स्वीकार करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

ट्रंप ने कहा कि मध्यस्थ प्रस्ताव को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं और बातचीत जारी है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर मंगलवार की समय सीमा से पहले कोई समझौता नहीं हुआ तो वे नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की धमकी पर अमल कर सकते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article