क्रिकेट

18 सितंबर को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक, नए आईपीएल चैयरमेन के चुनाव पर फैसला

बीसीसीआई की सालाना बैठक 18 सितंबर को होना तय हुआ है। इसकी पुष्टि बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कर दी है। इस बैठक में आईपीएल के नए चैयरमेन पर चर्चा संभव है। इसके अलावा एजीएम के एजेंडे (मुख्य मुद्दा) में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट संघ को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता देने का प्रस्ताव भी शामिल है।

Image

बीसीसीआई की सालाना बैठक (साभार-X)

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 18 सितंबर को मुंबई में होगी। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को पीटीआई से इसकी पुष्टि की। बीसीसीआई ने अपनी 38 राज्य इकाइयों को भी बैठक की जानकारी दे दी है। सैकिया ने कहा, ’’ एजीएम 18 सितंबर को होगी।’’ एजीएम के एजेंडे (मुख्य मुद्दा) में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट संघ को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता देने का प्रस्ताव भी शामिल है। बीसीसीआई की शीर्ष परिषद ने जून में हुई अपनी पिछली बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी। एसोसिएट सदस्य को बीसीसीआई में मतदान का अधिकार नहीं होता। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि इस बार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट संघ को खुशखबरी मिल सकती है।

बैठक के दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरमैन सहित संचालन समिति के दो पदों के लिए चुनाव भी होगा। फिलहाल अरुण धूमल आईपीएल संचालन समिति के चेयरमैन हैं। बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने मंगलवार को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसके मुताबिक 18 सितंबर 2026 को होने वाली एजीएम में संचालन समिति के दो निर्वाचित सदस्यों के पदों के लिए चुनाव होगा।

सदस्यों को अपने प्रतिनिधि के नामांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त है। वैध रूप से नामित उम्मीदवारों की घोषणा 11 सितंबर को की जाएगी। दोनों पदों पर हालांकि चुनाव निर्विरोध होने की संभावना है। एजीएम के एजेंडे में भारतीय क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि को आईपीएल संचालन समिति में शामिल करना भी है। इसके अलावा बीसीसीआई के लोकपाल और आचरण अधिकारी की नियुक्ति का मुद्दा भी बैठक में रखा जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article