दुनिया

ईरान ने मानी भारत की बात: जयशंकर के फोन के बाद हुआ नरम, इजराइली जहाज पर सवार 17 भारतीयों से दी अधिकारियों को मिलने की परमिशन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 15, 2024, 11:31 AM IST

Israel Iran War: ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजराइल के एक जहाज MSC Aries को कब्जे में ले लिया था। इस जहाज पर 17 भारतीयों समेत 25 लोग सवार थे। अब ईरान की ओर से कहा गया है कि वह जल्द ही भारत सरकार के प्रतिनिधियों को 17 भारतीयों से मिलने देगा।

Image

विदेश मंत्री एस जयशंकर

Photo : Twitter

Israel Iran War: इजराइल पर ईरान के हमले के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है। यह जंग आगे बढ़ती है तो दुनिया गंभीर आर्थिक संकट से घिर सकती है। इस बीच भारत की सबसे बड़ी चिंता ईरानी कब्जे वाले जहाज में सवार 17 भारतीयों को लेकर है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन से इस मुद्दे को लेकर बात भी की थी। इसके बाद एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, ईरान सरकार ने भारतीय अधिकारियों को जहाज में सवार 17 भारतीयों से मिलने के लिए हरी झंडी दिखा दी है।

ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन का कहना है कि तेहरान जल्द ही भारत सरकार के अधिकारियों को MSC Aries जहाज में सवार भारतीयों से मुलाकात करने देगा। बयान में कहा गया है कि अभी उनकी सरकार कब्जे में लिए गए जहाज का ब्योरा जुटा रही है और भारत सरकार को इसमें सवार भारतीयों से मिलने की जानकारी जल्द ही मुहैया करा दी जाएगी।

दोनों विदेश मंत्रियों के बीच क्या हुई बातचीत

भारत और ईरान के विदेश मंत्रियों के बीच हुई बातचीत में एस जयशंकर ने दोनों देशों के बीच तनाव से बचने, संयम बरतने और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का आह्वान किया था। वहीं ईरानी विदेश मंत्री ने ईरान पर हमले को जायज ठहराया था। ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, उन्होंने गाजा में युद्ध को रोकने के साथ-साथ फिलिस्तीनी क्षेत्र में इजरायली हमले को रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के माध्यम से भारत की निरंतर भूमिका का आह्वान भी किया।

ईरान ने जहाज को लिया था कब्जे में

बता दें, हाल ही में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजराइल के एक जहाज MSC Aries को कब्जे में ले लिया था, यह जहाज लंदन का जोडियक मैरिटाइम है, जो इजराइल के अरबपति आइल ओफेर के जोडियर ग्रुप का है। बता दें, बीते शुक्रवार को इस जहाज को दुबई से होर्मुज स्ट्रेट की ओर से जाते देखा गया था। ईरान ने इस जहजा को अपने कब्जे में ले लिया था, इस जहाज पर 17 भारतीयों समेत कुल 25 लोग सवार थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article