दुनिया

'नशे की तस्करी और घुसपैठ तुरंत रोको', पाकिस्तान को भारत की दो टूक; राजनयिक तलब कर दी सख्त चेतावनी

India Summons Pakistan Diplomat: विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी को तलब कर सीमा पार से लगातार हो रही घुसपैठ और नशे की तस्करी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

Image

विदेश मंत्रालय का पाकिस्तान पर बड़ा एक्शन (फाइल फोटो)

Photo : ANI

India Summons Pakistan Diplomat: भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी (Chargé d'Affaires) को तलब किया। भारत ने पाकिस्तान की ओर से लगातार कराई जा रही अवैध सीमा पार घुसपैठ और ड्रग्स की तस्करी पर अपना कड़ा विरोध जताया है। इसके साथ ही भारत ने पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में 2 अक्टूबर 2026 को हुई घटना को लेकर पाकिस्तान द्वारा लगाए गए बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी राजनयिक को स्पष्ट बताया कि 2 अक्टूबर को तीन संदिग्धों ने पाकिस्तानी सीमा से भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश की थी। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने उन्हें तुरंत रुकने और वापस लौटने की कई बार चेतावनी दी, लेकिन वे लगातार सीमा पर लगी बाड़ की ओर बढ़ते रहे। सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनने के बाद BSF के जवानों को मजबूरी में गोलीबारी करनी पड़ी।

भारत सरकार ने पाकिस्तान को दी नसीहत

भारत ने कहा कि यह घटना इस बात का साफ सबूत है कि पाकिस्तान में बैठे सशस्त्र नशा तस्करों का गिरोह लगातार भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिशों में जुटा हुआ है। भारत सरकार ने पाकिस्तान को नसीहत दी है कि वह इन अवैध गतिविधियों, नशा तस्करी और इसमें अपने सीमा सुरक्षा बलों की संदिग्ध भूमिका की निष्पक्ष जांच करे और तुरंत उचित कदम उठाए।

विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय सीमा की पवित्रता और मर्यादा का सम्मान करे। दोनों देशों के बीच हुए सीमा समझौतों का पूरी तरह पालन किया जाए। पाकिस्तान को अपनी सेना और सीमा रक्षकों पर कड़ा नियंत्रण रखना चाहिए ताकि उनकी ओर से कोई भी अनधिकृत घुसपैठ न हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न दोहराई जाएं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article