India US Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फ्रांस के एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान, ट्रंप ने भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ
द्विपक्षीय वार्ता के बाद पत्रकारों ने जब अमेरिकी राष्ट्रपति से सवाल किया कि क्या उन्हें उम्मीद है भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभाएगा? इस पर उन्होंने कहा, ''हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर मुद्दे में अहम भूमिका निभाता है। जब तक वह (पीएम मोदी) लीडर हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाएगा।''
'भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता बढ़ रही आगे'
वार्ता के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की तारीफ की और भारत-अमेरिका संबंधों में बढ़ती प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों के बीच बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता आगे बढ़ रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'भारतीय नाविकों की सुरक्षा बेहद अहम...', PM मोदी और ट्रंप के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता; बड़ी बातें
ट्रंप ने आगे कहा कि फ्रांस में हमारी कुछ शानदार बैठकें हुईं... यह जी7 है। हमारे पास जी2 आने वाला है और फिर हमारे पास जी20 आएगा... हमारी खासतौर पर, भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ कुछ अच्छी बातचीत हुई। हम व्यापार वार्ता कर रहे हैं... अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी चीजें हो रही हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब तक का सबसे अच्छा काम कर रहा है। हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा आ रहे हैं और हम फैक्ट्रियां बना रहे हैं, हम सब कुछ बना रहे हैं। पीएम अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं। वह अमेरिका में बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं, लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त हैं और हमारे बीच हमेशा से बहुत अच्छे रिश्ते रहे हैं।
