दुनिया

'मदर ऑफ ऑल डील्स' पर लगी मुहर!, साल के अंत तक भारत-EU के बीच हो सकता है दुनिया का सबसे बड़ा व्यापार समझौता

India EU Free Trade Agreement: फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय संघ (EU) के शीर्ष नेताओं के बीच एक बेहद अहम बैठक हुई। इस बैठक में फैसला लिया गया कि भारत और यूरोपीय संघ इस साल के अंत तक अपने ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर कर देंगे।

Image

भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता

Photo : ANI

India EU Free Trade Agreement: फ्रांस के एवियन शहर में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit 2026) के बीच भारत और यूरोपीय संघ (EU) के रिश्तों को लेकर एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक खबर आई है। इस साल जनवरी में भारत और यूरोपीय संघ के बीच 'मुक्त व्यापार समझौते' (FTA) की बातचीत पूरी हो चुकी थी, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा व्यापारिक समझौता यानी 'मदर ऑफ ऑल डील्स' कहा जा रहा है। अब खबर है कि दोनों पक्ष इस साल के अंत तक इस समझौते पर अंतिम रूप से दस्तखत करने जा रहे हैं।

इस बड़े फैसले की नींव बुधवार को जी-7 समिट के इतर हुई एक हाई-लेवल बैठक में रखी गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेन शामिल हुए।

यह समझौता क्यों है इतना खास?

यह व्यापार समझौता सामानों (Goods), सेवाओं (Services) और डिजिटल व्यापार को आपस में जोड़ेगा। इसके लागू होते ही करीब दो अरब लोगों और दुनिया की एक-चौथाई अर्थव्यवस्था का एक बहुत बड़ा मुक्त बाजार (Free Market) तैयार हो जाएगा। इससे व्यापार, निवेश और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दोनों पक्षों को जबरदस्त फायदा होगा।

यूरोपीय नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि 'मदर ऑफ ऑल डील्स' को पूरा करने के बाद अब वे अपने वादों को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। इस साल के अंत तक एफटीए (FTA) पर दस्तखत होने के साथ-साथ निवेश समझौते पर भी काम तेज किया जाएगा। इसके अलावा, दोनों पक्ष सुरक्षा, रक्षा सहयोग और 'इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर' (IMEC) को मजबूत करने पर भी मिलकर काम करेंगे।

पीएम मोदी का व्यस्त कूटनीतिक शेड्यूल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने इस मुलाकात पर खुशी जताते हुए कहा कि बदलते वैश्विक माहौल में भारत और यूरोपीय संघ का बढ़ता सहयोग दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

इस समिट के दौरान पीएम मोदी की कूटनीति काफी व्यस्त रही। उन्होंने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ से भी द्विपक्षीय बातचीत की, जहां दोनों देशों के बीच व्यापार, डिफेंस और आईटी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

इसके बाद पूरी दुनिया की नजरें पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक पर टिक गईं। दोनों नेताओं के बीच करीब 16 महीने बाद यह पहली आमने-सामने की औपचारिक मुलाकात है, जिसमें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्र पर गंभीर चर्चा होनी है। इससे पहले मंगलवार को पीएम मोदी ब्रिटेन, कनाडा, यूएई, जापान और दक्षिण कोरिया समेत कई देशों के राष्ट्रध्यक्षों के साथ भी अहम बैठकें कर चुके हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article